किसानों का हो सकता बिजली बिल माफ
रांची | मुख्यसचिव सुधीर प्रसाद ने सूखा प्रभावित पलामू एवं गढ़वा जिले में किसानों को निरंतर बिजली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि विभाग किसानों की बिजली बिल माफ करने पर विचार करे। उधर जल संसाधन विभाग को कृषि कार्य एवं मवेशियों के पीने के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव आपदा प्रबंधन विभाग के साथ राज्य में सूखे की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से कहा कि पलामू एवं गढ़वा जिले के सभी प्रखंडों में त्वरित कार्य हेतु प्रखंड स्तरीय अस्थायी टास्क फोर्स गठित करें। मुख्य सचिव ने कहा कि टास्क फोर्स में कृषि विभाग, ऊर्जा विभाग, पेयजल, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, आपदा, सहकारिता, वन, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रतिनिधि रहें। जहां धान की रोपाई नहीं हो सकी है, वहां आकस्मिक फसल योजना के तहत तत्काल नि:शुल्क बीज एवं अन्य सामग्री उपलब्ध करायें। इसमें जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करें। बैठक में नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, रांची नगर निगम के सीइओ मनोज कुमार, मुख्य अभियंता पेयजल राम विलास सिंह, अधीक्षण अभियंता राम प्रवेश सिंह अन्य अधिकारी मौजूद थे।