अरुण अशेष | नईदिल्ली
अरुण अशेष | नईदिल्ली
झारखंड के उग्रवाद प्रभावित छह जिलों के अलावा चार अन्य जगहों पर केंद्रीय विद्यालय खुलने के आसार बन गए हैं। बस, राज्य सरकार जिस दिन जमीन उपलब्ध करा देगी, उसके कुछ दिन बाद ही भवन निर्माण शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास की छह फरवरी की दिल्ली यात्रा के बाद से ही केंद्रीय विद्यालय खोलने की प्रक्रिया में तेजी गई है। ये विद्यालय चतरा, दुमका, खूंटी, पलामू, लोहरदगा और गिरिडीह में प्रस्तावित हैं। केंद्रीय विद्यालय संगठन अौर राज्य सरकार के बीच जमीन को लेकर कई बार लिखा-पढ़ी हुई। लेकिन, अबतक जमीन का मसला सुलझ नहीं रहा था।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति इरानी और मुख्यमंत्री रघुवर दास के बीच मुलाकात के दौरान केंद्रीय विद्यालय अहम मुद्दा था। मुलाकात के एक दिन पहले मंत्रालय ने केंद्रीय विद्यालय संगठन से झारखंड पर स्टेटस रिपोर्ट की मांग की थी। दास के सामने उसे रखा गया। मुख्य बात यह उभर कर सामने आई कि देरी केंद्र की वजह से नहीं, राज्य सरकार की ओर से जमीन नहीं मिलने के चलते हो रही है।