शुरू होंगे 8 नए वोकेशनल कोर्स
राज्यके हाई स्कूलों में सत्र 2015-16 से आठ नए वोकेशनल कोर्स शुरू होंगे। इसके लिए 53 हाई स्कूलों का चयन पांच प्रमंडलों से किया गया है। झारखंड माध्यमिक शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक जॉन पास्कल लकड़ा ने रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, गढ़वा, पलामू, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है। इसमें कहा है कि व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम का संचालन कक्षा नौ और 11 में शुरू किया जाना है। जिला शिक्षा अधिकारी चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक के साथ बैठक कर ट्रेड का चयन कर सकते हैं। ताकि नए सत्र से ट्रेड की पढ़ाई शुरू हो सके।
^चयनित स्कूलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया गया है कि प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर शीघ्र ट्रेड का चयन करें। यह भी कहा गया है कि ट्रेड का जिला स्तर पर चयन करते हुए इसकी जानकारी राज्य कार्यालय के पांच दिनों के अंदर दी जाए।’’ जॉनपास्कल लकड़ा, राज्य परियोजना निदेशक
नए वोकेशनल कोर्स के लिए बोकारो में चार, धनबाद में पांच, गिरिडीह में तीन, हजारीबाग में पांच, गढ़वा में तीन, पलामू में दो, देवघर में तीन, दुमका में चार, पाकुड़ में चार, साहेबगंज में तीन, पूर्वी सिंहभूम में तीन और पश्चिमी सिंहभूम में छह स्कूल का चयन नए वोकेशनल कोर्स के लिए किया गया है।
परिषद द्वारा सात ट्रेड का सुझाव चयन के लिए दिया गया है। इसमें दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के लिए सिक्यूरिटी, ऑटोमोबाइल, हेल्थ केयर, आईटी, टूर एंड ट्रेवल, इंजीनियर टूल्स और फूड प्रोसेसिंग का ट्रेड सुझाया गया है। वहीं उत्तरी छोटानागपुर के लिए सिक्युरिटी, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर, आईटी, टूर ट्रेवल्स और आयरन स्टील, पलामू प्रमंडल के लिए ऑटोमोबाइल, आईटी और हेल्थकेयर, संथाल परगना के लिए आईटी, सिक्यूरिटी, हेल्थकेयर और ऑटोमोबाइल और कोल्हान प्रमंडल के लिए ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर, आईटी और इंजीनियर टूल्स का ट्रेड सुझाया गया है।