बाॅक्साइट लदे ट्रक को किया आग के हवाले
रंका-गढ़वामुख्य मार्ग पर स्थित गुलरिया मोड़ के पास सोमवार की सुबह पांच बजे अज्ञात नक्सलियों ने बाॅक्साइट लदे एक ट्रक (जेएच 05एडी 8795) को रोककर चालक एवं खलासी को केबिन में बंद कर आग के हवाले कर दिया। नक्सलियों के चले जाने के बाद जैसे-तैसे चालक एवं खलासी जले हुए केबिन से बाहर निकले। इस घटना में चालक का दोनों पैर जल गया। उसका इलाज रंका अस्पताल में किया जा रहा है। घटना के बारे में ट्रक के चालक चंदन कुमार ने कहा कि वह पलामू जिला के पांकी निवासी संजय श्रीवास्तव का ट्रक चलाता है।
सुबह चार बजे वह अपने खलासी उदय कुमार के साथ बाॅक्साइट गिराने के लिए मेराल ग्राम रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसी बीच गुलरिया मोड़ के पास छह-सात वर्दीधारी ने ट्रक रोकने का इशारा किया। लेकिन ट्रक की गति तेज होने के कारण ट्रक नहीं रुका। इस बात से गुस्साए नक्सलियों ने ट्रक को लक्ष्य कर पांच से छह गोली चला दी जिसमें से एक गोली ट्रक के अगले टायर में लगे। ट्रक के रूकने के बाद नक्सलियों ने बिना पूछे केरोसिन डालकर बाहर से ट्रक में आग लगा दी। नक्सलियों ने ट्रक को आग के हवाले कर सड़क से पूरब की दिशा की ओर चले गए। बाद में चालक खलासी जलते हुए केबिन से किसी तरह बाहर निकले।
इस बीच चालक का दोनों पैर बुरी तरह से जल गया। ग्रामीणों के सहयोग से गढ़वा की ओर से रहे दूसरे वाहन से चालक को रंका इलाज के लिए लाया गया। घटना के बाद वहां पहुंचे ग्रामीणों ने खलासी के साथ मिलकर आग बुझाने का काफी प्रयास किया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना रंका पुलिस को भी दी।
इस बीच दमकलकर्मियों को भी घटना की सूचना उपलब्ध कराई गई, तब जाकर दमकलकर्मी किसी तरह आग बुझाने में कामयाब हो सके। सूचना के बाद रंका थाना प्रभारी अशोक मंडल भी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर से 315 बोर के चार खोखा को बरामद किया है।
छह माह पूर्व भी यहां जलाया गया था ट्रक
घटनास्थल से महज आधा किलोमीटर दूरी पर दो माह पूर्व भी रंका निवासी विजय चंद्रवंशी के बाॅक्साइड लदे ट्रक को टीपीसी के उग्रवादियों द्वारा आग लगा दिया गया था। कयास लगाया जा रहा है कि लेवी के लिए ही शायद टीपीसी द्वारा ही इस घटना को अंजाम दिया गया हो। हालांकि पुलिस के द्वारा अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
इस मामले में थाना प्रभारी अशोक मंडल ने कहा कि अज्ञात वर्दीधारी नक्सली किस ग्रुप के थे, इसकी छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाॅक्साइट ढोनेवाले वाहन मालिकों पर लेवी के लिए दहशत फैलाने की नीयत से इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। जल्द ही घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी होगी।
ट्रक की आग बुझाते दमकलकर्मी।