पैरा जंगल से मिली तेंदुए की खाल
पलामूटाइगर रिजर्व अंतर्गत छिपादोहर पश्चिमी वन क्षेत्र के पैरा ग्राम के खेल मैदान के समीप जंगल से सोमवार को एक तेंदुए की खाल बरामद की गई। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को कुछ ग्रामीण जंगल से झाड़ियां लाने गए थे, तभी उनकी नजर झाड़ियों में छिपाई गई तेंदुआ के खाल पर पड़ी। इसके बाद लोगाें ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वनपाल मणिलाल यादव ने सदल बल पहुंचकर तेंदुए के खाल को जब्त कर लिया। वनपाल मणिलाल यादव ने खाल को देखकर बताया कि प्रथम दृष्टया यह खाल तेंदुआ का लगता है, फिर भी इसकी जांच कराई जाएगी। इस मामले में जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। शंका जताई जा रही है कि पलामू व्याघ्र परियोजना क्षेत्र के जंगल में विचरण करते उक्त तेंदुए का शिकार शिकारियों ने करके उसकी खाल को झाड़ियों में छिपाकर रखा होगा, जिसपर ग्रामीणों की नजर पड़ गई।
बरवाडीह के पैरा जंगल से तेंदुए की खाल जब्त करते वनाधिकारी।