पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बेगूसराय में तीन डॉक्टरों के ठिकाने पर छापा, 1.75 करोड़ नगद बरामद

बेगूसराय में तीन डॉक्टरों के ठिकाने पर छापा, 1.75 करोड़ नगद बरामद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आयकरविभाग ने मंगलवार को बेगूसराय के तीन चर्चित डॉक्टरों डॉ. रामाश्रय सिंह, डॉ. नलिनी रंजन सिंह और डॉ.रामयतन सिंह के कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब पौने दो करोड़ कैश बरामद किए गए। डॉ. रामाश्रय सिंह के क्लिनिक से 57 लाख, डॉ. नलिनी रंजन के क्लिनिक से 40 लाख और डॉ. रामयतन सिंह के क्लिनिक से 78 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। आयकर विभाग के निदेशक (अन्वेषण) बिहार-झारखंड कुमार संजय ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि यह बरामदगी शुरुआती जांच में ही हुई हैं। जांच अभी जारी है। खासबात यह रही कि बेगूसराय में करीब दो दशक बाद आयकर की कार्रवाई हो रही है। डॉक्टरों के ठिकाने से जमीन में निवेश से संबंधित कई दस्तावेज मिले हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है। डॉ. नलिनी रंजन सिंह का नोएडा में करीब दो सौ गज जमीन से संबंधित दस्तावेज मिला है। डॉ. रामाश्रय और डॉ. रामयतन सिंह दोनों के बेगूसराय और आसपास करीब 25-30 प्लाट में निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। तीनों डॉक्टरों के बेगूसराय में आलीशान मकान और नर्सिंग होम हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि किसी भी डॉक्टर ने बुक्स ऑफ एकाउंट मेंटेन नहीं किया है। दिलचस्प यह भी कि तीनों डॉक्टर विजय नाम के किसी शख्स के बारे में कहा कि वही उनका एकाउंट मेंटेन करते हैं। पर, आयकर की टीम को विजय नाम का कोई शख्स अभी तक नहीं मिला है। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार नर्सिंग होम की रसीद के बारे में भी डॉक्टर ठीक ढंग से नहीं समझा पा रहे हैं।