बढ़ेगी शिक्षक नियुक्ति के आवेदन की तिथि
प्राथमिकसे उच्च माध्यमिक तक के शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवेदन देने की तिथि आगे बढ़ेगी। शिक्षा विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि एक सप्ताह आगे यानी 22 दिसंबर से अब आवेदन लिए जाने की संभावना है। एक-दो दिनों में नई तिथि पर निर्णय ले लिया जाएगा। इसके बाद नियुक्ति का नया शिड्यूल घोषित होगा।
पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम में 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक आवेदन लिए जाने थे। पहली से 12वीं तक के शिक्षकों के 1.40 लाख पद खाली हैं। विभागीय पदाधिकारी बताते हैं कि हर जिले में नए डीईओ और डीपीओ का पदस्थापन हुआ है। ऐसे में नियुक्ति की सारी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए कुछ वक्त की बात उनलोगों की ओर से आई है। इसलिए, आवेदन लिये जाने की तिथि में परिवर्तन किए जा रहे हैं। हालांकि, नियुक्ति पत्र वितरण के तिथि में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। प्रारंभिक शिक्षकों को 25 से 27 और माध्यमिक-उच्च माध्यमिक शिक्षकों को 23-24 मार्च, 2015 को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।