अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर पथराव
अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर पथराव
पटना|अगमकुआं थानाक्षेत्र के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निकट सोमवार को अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर उग्र लोगों ने पथराव किया और विरोध में नारेबाजी की। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अस्पताल के निकट लंबे समय से अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कर लोगों को हटाने गई पुलिस पर उग्र लोगों ने पथराव किया। न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और सामान्य प्रशासन के अधिकारियों को देखते ही स्थानीय लोग उग्र हो गए और विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। सूत्रों ने बताया कि अतिक्रमण का विरोध कर रहे लोगों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे। प्रदर्शनकारी हाथ में बैनर लिए थे, जिसमें लिखा था कि जान देंगे, लेकिन मकान तोड़ने नहीं देंगे।
प्रदर्शन कर रहे लोग सड़कों पर टायर जलाकर यातायात को भी बाधित कर दिया। उग्र लोगों के तेवर को देखते हुए पुलिस को पीछे हटना पड़ा।