ट्रक को फूंका, चालक से लूट
थानाक्षेत्र के कौआखोह ग्राम में एनएच 98 पर सोमवार की रात अज्ञात अपराधियों ने ट्रक सी जी 07 सी 6308 को फूंक दिया। साथ ही चालक प्रकाश सिंह तथा खलासी धर्मवीर सिंह की पिटाई कर 15 हजार नकद, दो मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। इस घटना में लोहे के रॉड से चोट लगने के कारण चालक का सिर फट गया।
उसका हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराया गया। उसने बताया कि भिलाई से खीरा लोड कर पटना जा रहा था। नक्सली बंद के कारण सड़क पर आवागमन कम था। कौआखोह बालकिशोर सिंह कॉलेज से पहले ट्रक का टायर पंक्चर हो गया।
टायर बदलने के लिए उसने कॉलेज के समीप ट्रक खड़ा किया। कुछ देर में करीब एक दर्जन अपराधी आए। उनलोगों ने लाठी से पिटाई की और पैसा मांगने लगे। उनमें एक अपराधी के पास पिस्टल भी था।
मार के डर से मैंने रुपया मोबाइल दे दिया। इसके बाद भी वे लोग हम दोनों को कॉलेज अहाते में ले गए और लोहे के रॉड से वार कर सिर फोड़ दिया। जाते-जाते अपराधियों ने घटना को नक्सली रंग देने के लिए ट्रक में आग लगा दी। बाद में चालक खलासी भाग कर सहारा होटल आए और लोगों को घटना की जानकारी दी। मंगलवार की सुबह पुलिस घटनास्थल पर जा कर जाएजा लिया। अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा।
थाना प्रभारी केशव कुमार ने बताया कि चालक के बयान के अनुसार लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करेगी। सभी पहलुओं पर छानबीन की जाएगी। छतरपुर डीएसपी समीर तिर्की ने बताया कि यह पूरी तरह लूट की घटना है। इसके बावजूद इसमें नक्सलियों की संलिप्तता सहित सभी पहलुओं पर तहकीकात की जाएगी।
अपराधियों द्वारा जलाया गया ट्रक और घायल चालक।