- Hindi News
- पटना पंजाब मेल से बैग के साथ शातिर चोर बबलू गिरफ्तार
पटना- पंजाब मेल से बैग के साथ शातिर चोर बबलू गिरफ्तार
पटना- पंजाब मेल से बैग के साथ शातिर चोर बबलू गिरफ्तार
पटनाजंक्शन पर शनिवार की सुबह हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल से उतरे ही एक शातिर चोर चोरी के बैग के साथ पकड़ा गया। जीआरपी के एक जवान ने संदेह के आधार पर उसे पकड़ा। पकड़ा गया बबलू गुप्ता बख्तियारपुर के राघोपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह चलती ट्रेन से यात्रियों के सामान उड़ाने में माहिर है। उसके पास से मिले ट्रॉली बैग में सोने के कंगन, मंगलसूत्र, कान का झुमका, बाली समेत लाखों के जेवर, साढ़े 5 हजार नकद, बनारसी साड़ी, सूट, जूते और इलाहाबाद बैंक का एक एटीएम था। ब्रांडेड कार्गो पैंट-शर्ट और स्वेटर पहने बबलू को पहली नजर में देख कोई भी चोर नहीं समझेगा। पकड़े जाने पर बबलू ने पहले तो जीआरपी को अपना रौब दिखाया। लेकिन, जब फंस गया तो दो लाख लेकर छोड़ देने का प्रस्ताव रखा।
यहां तक कि उसके साथ रहे दो लोगों ने भी सिपाही से मैनेज करने की कोशिश की। लेकिन, सिपाही ने उसे नहीं छोड़ा और आसपास रहे दूसरे जवानों को भी बुला लिया। बाद में बात बिगड़ती देख साथ रहे दोनों युवक खिसक गए। रेल एसपी प्रकाशनाथ मिश्र ने उस सिपाही को पुरस्कार के लिए अनुशंसा करने की बात कही।
कटक और ओडिशा में जाकर ट्रेनों में करता था चोरियां
बबलू गुप्ता ने बताया कि उसे ट्रॉली बैग पटना सिटी में उसके साथी मुकेश यादव ने दिया था। वह बख्तियारपुर से ट्रेन में सवार हुआ था। उसके साथ रहे मुकेश यादव समस्तीपुर के दूधपुरा का और पंकज नामक युवक लखीसराय के मच्छरहट्टा का रहने वाला है। वह करीब एक साल से ट्रेनों में चोरी करता है। खासतौर से कटक और ओडिशा तरफ वह चलती ट्रेन से यात्रियों का बैग उड़ाता है। बबलू अथमलगोला थाने के एक मर्डर केस में जमानत पर बाहर है। इस दौरान चोरी की दौलत से उसने एक पिकअप वैन खरीदी है और मसाले का कारोबार भी करता है। बबलू से बरामद बैग किसका है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।