सूबे में खुलेंगे 76 नए आईटीआई
राज्यके सभी अनुमंडलों में आईटीआई खोला जाना है। इसके लिए श्रम संसाधन विभाग ने जमीन उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है। राज्य के 54 अनुमंडलों में सामान्य आईटीआई और 22 महिला आईटीआई खोलने का प्रस्ताव है। अभी तक 47 अनुमंडलों में ही 71 आईटीआई हैं, जबकि 16 जिलों में ही महिला आईटीआई हैं। ये वे अनुमंडल हैं, जहां आईटीआई नहीं है। श्रम संसाधन विभाग ने 28 जनवरी को सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर चिह्नित अनुमंडलों में आईटीआई के लिए कम से कम तीन-तीन एकड़ जमीन उपलब्ध कराने के लिए कहा है। एक आईटीआई की स्थापना के लिए 7 से 8 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नए आईटीआई में कम से कम 6 ट्रेड होंगे। रोजगार की संभावना वाले अत्याधुनिक ट्रेड की ही पढ़ाई होगी। एक आईटीआई में 32 से 35 इंस्ट्रक्टर कर्मचारी होंगे।