युवक की हत्या कर शव को उसी के घर के पेड़ पर टांगा
{दूसरी जाति की लड़की से करना चाहता था शादी
{सात पर नामजद केस, आरा-बक्सर एनएच 5 घंटे जाम-आगजनी
क्राइमरिपोर्टर | आरा
प्रेम-प्रसंगमें मंगलवार रात एक युवक की हत्या कर शव को उसी के घर के हाता में नीम के पेड़ पर टांग दिया गया। घटना गजराजगंज की है। बुधवार सुबह पेड़ पर युवक का शव मिलने से लोग आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए। गजराजगंज बाजार के पास आरा-बक्सर एनएच-84 को जाम कर पांच घंटे तक विरोध-प्रदर्शन किया। सड़कों पर टायर जलाकर आगजनी भी की। उग्र भीड़ हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। बाद में पुलिस की पहल के बाद गुस्सा शांत हुआ आवागमन बहाल हुआ। जाम के दौरान एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
मृत युवक 20 वर्षीय दीपक राम उर्फ बिट्टू राम मूल रूप से बिहियां थाना के कल्याणपुर-पकड़ी गांव निवासी सिपाही लालदेव राम का पुत्र था। करीब 15 साल से सिपाही का परिवार गजराजगंज में रह रहा है। लालदेव पटना पुलिस में कार्यरत हैं। उनकी ड्यूटी हाईकोर्ट में है। मृतक के छोटे भाई नीतीश कुमार ने सात के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसपी नवीन चन्द्र झा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला संदेहास्पद लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
रोड जाम करते स्थानीय लोग।
प्लास्टिक की रस्सी में टंगी थी लाश
परिजनोंके अनुसार सुबह करीब सात बजे घर के हाता में पेड़ पर दीपक का शव लटके मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। उसकी गर्दन में प्लास्टिक की पीली रस्सी बंधी थी। उसके हाथ मफलर पैर कपड़े से बंधे थे। बाद में शव को नीचे उतारा गया। इसके बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आखिर प्लास्टिक की नई रस्सी कहां और किसके पास से खरीदी गई थी।
प्रेमिका के बुलावे पर सूरत से आया था
परिजनोंके अनुसार दीपक गुजरात के सूरत से मंगलवार को ही आरा आया था। बताया जाता है कि वह तिरोजपुर गांव की छात्रा से प्रेम करता था। उससे अंतरजातीय विवाह भी करना चाहता था लेकिन छात्रा के घर वाले खिलाफ थे। लड़की की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। 12 फरवरी को शादी की सूचना पर दीपक सूरत से यहां आया था। मृतक के छोटे भाई के अनुसार जिस लड़की से दीपक प्रेम करता था उसी ने फोन कर उसे बुलाया। आरा आने के बाद दीपक मौलाबाग में फूफा के घर पर चला गया। शाम में छोटे भाई को मोबाइल पर कहा कि वह तिरोजपुर जा रहा है। उसकी प्रेमिका बुला रही है। वह शादी से खुश नहीं है।