- Hindi News
- नीतीश का हाॅर्स ट्रेडिंग का इतिहास रहा है : रामकृपाल
नीतीश का हाॅर्स ट्रेडिंग का इतिहास रहा है : रामकृपाल
कहा, अनावश्यक रूप से राजभवन पर दे रहे दबाव
मंत्री बोले, नीतीश ने राजद-लोजपा-भाजपा सबको तोड़ा
पॉलिटिकलरिपोर्टर| पटना
भाजपाने कहा है कि हार्स ट्रेडिंग का इतिहास नीतीश कुमार का रहा है। केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए लोजपा, राजद और भाजपा विधायकों को तोड़ा। सोमवार को भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं और नसीहत दे रहे हैं। वे हर वो काम खुद कर चुके हैं जिसका आरोप दूसरों पर लगाते हैं और नैतिकता का पाठ पढ़ाते हैं। अब अनावश्यक रूप से राजभवन पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने अपनी बात कह दी, लेकिन उन्हें भरोसा नहीं हो रहा, बाहर आकर खुद ही परिस्थितियों का विश्लेषण कर रहे हैं। सत्ता लोभ के कारण ही वे महादलित को अपमानित कर रहे हैं। पार्टी दफ्तर में मिलन समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने लालू-नीतीश दोनों को हाशिए पर धकेल दिया है। इसलिए बेचैनी है। नीतीश सत्ता के बिना नहीं रह सकते और लालू परिवार के बिना। लालू प्रसाद परिवार को सत्ता में एडजस्ट करवाने में लगे हैं और नीतीश कुमार कुर्सी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नीतीश कुर्सी के लिए किसी से दोस्ती कर सकते हैं और किसी के दुश्मनी। लालू प्रसाद से उनकी दोस्ती इसका प्रमाण है।
बहुमत का फैसला सदन में हो : रामविलास
पटना|लोजपाप्रमुख रामविलास पासवान ने कहा कि बिहार में राजनीतिक संकट के जिम्मेदार नीतीश कुमार हैं। मुख्यमंत्री बनने के लिए उन्होंने अब नौटंकी शुरू कर दिया है। नीतीश कुमार के पास बहुमत है या जीतन राम मांझी के पास, इसका फैसला सदन में होना चाहिए कि सड़क पर। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और लालू प्रसाद महादलित मुख्यमंत्री को परेशान कर रहे हैं। इनके इस चेहरे को मैं पहले से पहचानता हूं। यही कारण है कि 2005 में मैंने इनमें से किसी को समर्थन नहीं किया था, जब मेरे पास 29 विधायक थे। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है। आगे के विधानसभा चुनाव में लालू प्रसाद और नीतीश कुमार को सबक सिखाएगी।
वोट की राजनीति कर रहे नीतीश
यादवने कहा कि नीतीश कुमार वोट की राजनीति करते हैं। महादलित वोट के लिए ही उन्होंने जीतन राम मांझी को सीएम बनाया। पर, कुर्सी के बिना नहीं रह पाने की अपनी आदत से लाचार हो गए। सत्ता के लिए लार टपक रहा है। नीतीश-लालू एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जदयू के घर में आग लगी है और आरोप भाजपा पर लगा रहे हैं। इस अवसर पर सूरज नंदन कुशवाहा, संजय मयूख, सुधीर शर्मा, अजफर शमशी, राजीव रंजन, राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट मौजूद थे।