दिल्ली में अहंकार की हार हुई : सिद्दिकी
पटना | राजदने आप की जीत पर शुभकामना देते हुए कहा कि वह अपने मिशन में कामयाब होगी। राजद विधायक दल के नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी ने कहा कि आप के माध्यम से पढ़े-लिखे और नौजवानों की टीम आगे आई है। यह साबित हो गया कि जनता को केंद्र सरकार और भाजपा की नीतियां स्वीकार नहीं हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता मो. इलियास हुसैन ने कहा कि आम जनता भाजपा की असलियत समझ गई है और उसकी कलई तेजी से खुलने लगी है। प्रदेश प्रधान महासचिव मुन्द्रिका सिंह यादव ने कहा कि दिल्ली की जनता ने नरेंद्र मोदी की करिश्माई व्यक्तित्व को पूरी तरह नकार दिया है। नरेंद्र मोदी के अहंकार की हार और आम अवाम की जीत हुई है।
प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन और एजाज अहमद ने कहा कि भाजपा की करारी हार लोकतंत्र, समाजवाद एवं धर्मनिरपेक्ष शक्तियों की जीत है। अमित शाह को इस सच्चाई को स्वीकार कर लेना चाहिए कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, जो बिहार आते-आते शून्य हो जाएगी।