इंटर परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी
बिहारविद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इस क्रम में एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। गुरुवार की शाम छह बजे तक प्रदेश के दूर-दराज के सभी जिलों के लिए एडमिट कार्ड भेज दिया गया। राजधानी आसपास के जिलों में रात दस बजे तक एडमिट कार्ड भेजने के लिए गाड़ियां खुलती रहीं। बोर्ड की ओर से सभी जिला शिक्षा कार्यालयों को सुबह 10 बजे से पहले एडमिट कार्ड उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। बिहार बोर्ड की ओर से इंटर के 12.50 लाख परीक्षार्थियों का एडमिट कार्ड तैयार कराया गया है। एडमिट कार्ड को कॉलेज-स्कूलवार भेजा जा रहा है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि अगर किसी छात्र को एडमिट कार्ड में किसी प्रकार की परेशानी तो वे अपने संस्थान पर ही उसे सुधरवा सकेंगे। परीक्षा समय निकट आने के कारण यह निर्देश जारी किया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डा. लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक कार्यक्रमों को तैयार कर लिया गया है। जिला स्तर से लगातार समीक्षा की जा रही है। बोर्ड के 1052 परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर बाहर में बैठकर बच्चे परीक्षा दें, इसके लिए पर्याप्त संख्या में टेबल-कुर्सी की व्यवस्था करने को कहा गया है। इसके अलावा अनुमंडल स्तर पर एसडीओ की अध्यक्षता में फ्लाइंग स्क्वायड टीम का गठन किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान स्थिति का जायजा लेने फ्लाइंग स्क्वायड की टीम जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जिला स्तर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में आम विद्यार्थियों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। बोर्ड की ओर से सभी इंटर स्तरीय स्कूल-कॉलेजों को निर्देश जारी किया गया है कि वे बुधवार से डीईओ कार्यालय से हर हाल में एडमिट कार्ड प्राप्त कर लें और उसे परीक्षार्थियों के बीच वितरित कराएं।