रेलवे आवास में चोरी करते युवक की जमकर धुनाई
चोर को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।
भास्कर न्यूज | पतरातू
पतरातूरेलवे स्टीम कॉलोनी के आवास टाइप वन 120 में चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने अमित कुमार नामक युवक काे रंगे हाथों पकड़ा। पकड़ने के बाद लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार की अहले सुबह करीब चार बजे अमित आवास संख्या 120 में ताला तोड़ कर चोरी के लिए घुसा था। अावास में रहनेवाले धनंजय शर्मा और रामसेवक राम गांव हुए थे। कुछ दिनों से आवास बंद था।
चोरी की घटना को अंजाम देते वक्त जब आस पड़ोस के लोगों को इस बात की भनक लगी तो धीरे धीरे कॉलोनी के लोग वहां जुट गये। अंदर गये तो अमित एक ब्रीफकेश को तोड़ रहा था। लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पीटा। जीआरपी को सूचना देने के बाद जीआरपी पुलिस के एएसआई रामसिंह बोयपाई और विल्फ्रेड लकड़ा सशस्त्र बलों के साथ पहुंचे। अमित के घर की तलाशी ली गई तो उसके घर से टीवी, मोबाइल, पीतल का लोटा, तांबा का स्क्रैप, वायरिंग वायर, स्क्रू ड्राइवर, प्लास मिले। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि यह शातिर चोर पूर्व में भी 20 पेड्रॉल क्लिप के साथ पकड़ा गया था। इसके अलावा सरैयाटोला में संजय साव के राशन दुकान में चोरी के आरोप में भी जेल जा चुका है।