मतदानकर्मियों को मिल रही भिन्न राशि
चौथेचरण के दौरान चुनाव ड्यूटी पर भेजे शिक्षकों को लेकर मिल रही कम राशि पर शिक्षकों ने विरोध जताया। गावां प्रखंड के सरकारी पारा शिक्षकों ने बुधवार को बीआरसी कार्यालय में जमकर हंगामा किया। इस दौरान शिक्षकों ने आरोप लगाया कि उन्हें विभाग की ओर से समान कार्य के लिए कम राशि दिए जाने का आरोप लगाया।
पारा शिक्षक संघ के प्रखंड सचिव मुनील कुमार ने कहा कि तीसरे चरण में हुए राजधनवार विस चुनाव के दौरान चुनाव कार्य में लगाए गए सरकारी पारा शिक्षकों को पीठासीन पदाधिकारी को 2500 रुपए अन्य मतदान अधिकारियों को 2000 रुपए का भुगतान किया गया। लेकिन अब उसी कार्य के लिए विभाग पीठासीन पदाधिकारी को 2000 रुपए और पी वन, पी टू को 1600 रुपए का ही भुगतान किया जा रहा है। एक ही कार्य के लिए एक जिले में आयोग की दोहरी नीति समझ से परे है। कहा कि सरकारी पारा शिक्षक इस दोहरी नीति का विरोध करते हैं और जरूरत पड़ी तो चुनाव कार्य का भी बहिष्कार किया जायेगा। इधर बीईईओ छक्कुलाल मुर्मू ने कहा कि विभाग ने उन्हें जो राशि उपलब्ध कराई है उसे दिया जा रहा है। अगर बढ़ी हुई राशि उपलब्ध कराई जाएगी तो उसे भी वितरण किया जाएगा। विरोध करने के दौरान मौके पर कांग्रेस यादव, नवीन सिंह, जसीमउद्दीन, सूरज साव, सुरेश कुमार, अनिरुद्ध शर्मा, दामोदर पंडित, अभिमन्यु कुमार, सुनील कुमार, मुरली प्रसाद, दीपक कुमार राम, राम कुमार, केशो प्रसाद यादव, आलोक कुमार, प्रकाश पंडित सहित सैकंडों की संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।