बंदर से सहमे हैं राहगीर और दुकानदार
मेन रोड में आए बंदर ने लोगों को कर रखा है परेशान
दुकान से उठाकर समोसा खाता बंदर।
भास्कर न्यूज | रामगढ़
इनदिनों मेन रोड के दुकानदार और राहगीर बंदर के डर से सहमे हैं। बंदर की हरकतों को देख कुछ लोग मजा ले रहे हैं। वहीं, बंदर की वजह से रोजाना हो रहे नुकसान से कई दुकानदार परेशान हैं। लोगों का कहना है कि भटक कर यह बंदर मेन रोड पहुंच गया है। यहां, वह रोजाना दुकानों के सामान को फेंक देता है। होटल का समोसा, मिठाई और फल के ठेलों से फल उठाकर खाने लगता है। वहीं, रोड पर चलने वाले बच्चे और महिलाओं को दौड़ाने लगता है। दुकानदार और लोग बंदर को भगाने की कोशिश कर रहे है। लेकिन, बंदर एक छत से दूसरे छत पर उछल-कूद कर रहा है। बंदर की हरकतों से भीड़ वाले इस इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रहती है। पूजा बाजार होने की वजह से मेन रोड में हमेशा लोगों की भीड़ लगी रहती है। लोगों की सूचना पर पुलिस ने भी बंदर को भगाने में असमर्थता जताई है। वहीं, वन विभाग से इस बंदर को पकडऩे की मांग की गई है।