स्वच्छता ध्वज किया रवाना
जिलासमाहरणालय परिसर से डीसी मुकेश कुमार ने शुक्रवार को स्वच्छता ध्वज रवाना किया। निर्मल भारत अभियान के तहत लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इसे रवाना किया गया है। जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों से होते हुए दो अक्टूबर को यह ध्वज लातेहार पहुंचेगी।
डीसी कुमार ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा घोषित स्वच्छ भारत अभियान के तहत 25 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले के सभी गांव, टोला, मोहल्ला में स्थानीय लोगों की मदद से अपने आसपास के इलाके में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा दो अक्टूबर को सभी ग्राम सभा में स्वच्छता विषय पर ग्रामसभा आयोजित की जाएगी।
सभी सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों में छात्रों को सफाई के प्रति जागरूक करने हेतु परिचर्चा कराने का निर्देश दिया गया है। सभी पंचायतों में स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी, प्रखंड मुख्यालयों में मैराथन दौड़, साइकिल रेस, सभी ग्रामसभा में स्वच्छता विषय पर ग्रामसभा तथा शपथ ग्रहण, जिला समाहरणालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण तथा साइकिल रैली समाहरणालय से थाना चौक तक आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। मौके पर निदेशक डीआरडीए संजय कुमार, सदर एसडीआे शांतनु कुमार अग्रहरि, डीटीआे नागेन्द्र पासवान समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
लातेहार में स्वच्छता ध्वज को रवाना करते डीसी।