समूह के सदस्य पर कार्रवाई की मांग
लातेहार | सदरप्रखंड के पांडेयपुरा की कस्तूरबा महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने समूह के सदस्य के पति शंभू उरांव पर एक माह के अनाज बेच देने की लिखित शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारियों से की है। एक सप्ताह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। महिलाओं ने दोषी पर दंडात्मक कार्रवाई करते दुकान निलंबन मुक्त कराने की मांग की है।
महिलाओं का कहना है कि समूह के नाम पर हमलोगों को भारतीय स्टेट बैंक से 70 हजार रुपए का ऋण मिला है। बैंक द्वारा ऋण ससमय चुकता करने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है, परंतु समूह की एक महिला सदस्य एवं उसके पति द्वारा एक माह का अनाज चीनी, केरोसिन उठाव के बाद खुले बाजार में बेच देने का खामियाजा समूह की पूरी महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। समूह की महिलाओं ने मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की है।