- Hindi News
- राशन की कालाबाजारी करने पर होगी कार्रवाई : एसडीओ
राशन की कालाबाजारी करने पर होगी कार्रवाई : एसडीओ
सदरएसडीओ शांतनु कुमार अग्रहरि ने पीडीएस दुकानों से गरीबों को दिए जाने वाले सरकारी राशन की कालाबाजारी को रोकने के लिए अपने तेवर तल्ख कर लिए हैं। उन्होंने सोमवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा है कि खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत आने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध सीधी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पीडीएस दुकानों की निगरानी के लिए स्टेटिक्स मोबाइल सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई है। कंप्यूटर में रेंडेमाइजेशन के आधार पर संबंधित पीडीएस दुकानों में भेजा जा रहा है। ये प्रत्येक माह के १५, २५ २८ तारीख को वहां मौजूद रहेंगे। एसडीओ ने बताया कि सरकारी राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए प्रत्येक चावल दिवस के दिन दोपहर दो बजे तक सभी पीडीएस दुकानदारों से खाद्यान्न वितरण की अद्यतन जानकारी मांगी जाएगी। इसे एनआईसी कार्यालय से पीडीएस साइट (इंटरनेट) पर लोड किया जाएगा। इसके बाद एसएमएस के माध्यम से इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने तकनीकी माध्यम से सरकारी अनाजों की कालाबाजारी को रोकने के लिए आगे और भी नई पहल करने की बात कही है।
जिला समाहरणालय के बाद अनुमंडल कार्यालय में भी निदान एकल समाधान केंद्र खोला जाएगा। एसडीओ शांतनु ने बताया कि दीपावली से पूर्व इसे शुरू किया जाएगा। इसमें पीडीएस, पेंशन विधि-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। इसके अलावे अनुमंडल दिवस भी मनाया जाएगा। इस दिवस पर प्रत्येक माह के अंतिम तारीख को किसी एक प्रखंड में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं दूर की जाएगी।
अनुमंडल में भी खुलेगा निदान केंद्र
शराब का अधिक दाम लेने पर भी कार्रवाई
एसडीओ शांतनु ने उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों को तलब किया है। उन्होंने बताया कि बाजार में निर्धारित मूल्य (प्रिंट रेट) से अधिक पर अंग्रेजी शराबों की बिक्री किए जाने की शिकायत मिली है। इस पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। प्रिंट से अधिक दर पर अंग्रेजी शराब की बिक्री करते पकड़े जाने पर लाइसेंसी दुकान मालिक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले में हो रहे अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए जल्द ही कार्रवाई करने की बात कही है।