जायंट्स सेवा सप्ताह कल से
गढवा | जायंट्सग्रुप ऑफ गढ़वा से जुड़े पदाधिकारियों की बैठक में 17 सितंबर से 23 सितंबर तक आयोजित जायंट्स सेवा सप्ताह और दिसंबर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन की सफलता पर विमर्श किया गया। स्थानीय ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित बैठक में 18 से 20 दिसंबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन में गढ़वा से सर्वाधिक सदस्यों को शिरकत कराने का निर्णय लिया गया। डाॅ. उमाशंकर गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 सितंबर को ज्ञान निकेतन काॅन्वेंट स्कूल के प्रांगण में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 18 सितंबर को यातायात जागरुकता कार्यक्रम रंका मोड़ पर होगा। 19 सितंबर को वीरबंधा ग्राम में मच्छरदानी वितरण, 20 सितंबर को हरिजन मध्य विद्यालय में दांत जांच शिविर, 21 सितंबर को स्वास्थ्य जांच शिविर विकताम ग्राम में आयोजित होगा। 22 सितंबर को ब्लड ग्रुप की जांच खोरीडीह में की जाएगी और 23 सितंबर को अस्थमा की जांच शिविर सदर अस्पताल के नजदीक गायत्री एक्स रे में की जाएगी। बैठक में अलखनाथ पांडेय, बिजय केसरी, विनोद कमलापुरी, अशोक गुप्ता, अशोक विश्वकर्मा, पवन केसरी,चंदन कुमार, मुजुबुदीन खां आदि लोग उपस्थित थे।