- Hindi News
- मुंबई या लाहौर में से कोई एक पहुंचेगा मुख्य दौर में
मुंबई या लाहौर में से कोई एक पहुंचेगा मुख्य दौर में
भास्कर न्यूज नेटवर्क|रायपुर
चैंपियंसलीग टी-20 में मंगलवार को दो क्वालिफाइंग मुकाबले हैं। पहले मैच में शाम चार बजे से लाहौर लायंस और सदर्न एक्सप्रेस की टीमें भिड़ेंगी। दूसरे मैच में रात आठ बजे से मुंबई इंडियंस और नॉर्दर्न नाइट्स आमने-सामने होंगे।
क्वालीफाइंग दौर की चार टीमों में से दो को मुख्य दौर में जगह मिलनी है। न्यूजीलैंड के ‘नाइट्स’ जगह बना चुके हैं। श्रीलंकाई टीम सदर्न एक्सप्रेस दो मैच हारकर रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। पूरी संभावना है कि गत चैंपियन मुंबई और लाहौर में से कोई एक टीम अगले दौर में जाएगी।
लाहौर का मुकाबला पहले होने से उस पर अधिक दबाव होगा। उसे अपनी उम्मीद बनाए रखने के लिए हर हाल में मैच जीतना होगा। हालांकि, जीतकर भी उसे मुंबई के मुकाबले का इंतजार करना होगा। लेकिन अगर वह हार गया तो मुंबई का काम आसान हो जाएगा।