खाद्य सुरक्षा, सेवा अधिकार की उड़ रहीं धज्जियां : माले
पूर्वघोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भाकपा माले की ओर से गिरिडीह जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालय में स्थानीय मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। इधर इस दौरान गिरिडीह प्रखंड मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रखंड प्रभारी पुनीत विश्वकर्मा, राजेश सिन्हा, देवेंद्र पांडेय, शाहनवाज खान, ठाकुर मंडल आदि की अगुवायी में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सबों को कार्ड उपलब्ध कराने तथा प्रखंड अंचल कार्यालय को भ्रष्टाचार से मुक्त करने की मांग की। इसके पूर्व माले कार्यकर्ताओं ने स्थानीय बिरसा चौक से जुलूस निकाल कर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रखंड कार्यालय जाकर घरने पर बैठ गए।
बतौर मुख्य अतिथि मौजूद पार्टी के राज्य कमिटी सदस्य राजेश यादव ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून तथा झारखंड सरकार का सेवा का अधिकार कानून दोनों की इस प्रखंड में धज्जियां उड़ायी जा रही हैं। अच्छे दिन का नारा देकर सत्ता में आयी भाजपा सरकार के शासन में अभी तक सभी परिवारों को राशन/बीपीएल के कार्ड तक उपलब्ध नहीं कराये गये हैं। जिन्हें कार्ड मिला है, उनके भी राशन की खुलेआम चोरी हो रही है। उसे देखने वाला कोई नहीं है। इसमें सुधार नहीं हुआ तो एक महीने के बाद प्रखंड कार्यालय को हजारों लोग घेर लेंगे। राजेश सिन्हा, पुनीत विश्वकर्मा, देवेन्द्र पांडेय, शाहनवाज खान आदि ने भी धरनार्थियों को संबोधित करते हुए एक स्वर में जनता के सवालों को रखा तथा इसके खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन करने की जरूरत बतायी। कार्यक्रम में ठाकुर मंडल, शंकर साव, कृपा हांसदा, संजय यादव, रोशन परवीन, शांति देवी, सुशीला देवी, लालजीत दास, प्रयाग यादव, बालेश्वर यादव, रूस्तम अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद थे। बेंगाबाद संवाददाता के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में व्याप्त अधिकारियों की अफसरशाही के विरुद्ध भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सड़क पर रैली के माध्यम से आवाज बुलंद करते हुए प्रखंड कार्यालय में धरना दिया। धरना के बाद माले कार्यकर्ताओं ने बीडीओ को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर राजेन्द्र मंडल, रामलाल मंडल, शिबू यादव, शंभु ठाकुर, अजय दास आदि थे।
बिरनी में धरना
बिरनीसंवाददाता के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को खाद्य आपूर्ति समेत विभिन्न मामलों को लेकर भाकपा माले की ओर से बिरनी प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन दिया गया। जिसकी अध्यक्षता मुंशी विश्वकर्मा ने की। मौके पर उपस्थित सिमराढाब मुखिया प्रतिनिधि रामू बैठा ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जन विरोधी बन गई है।
सरिया में विरोध प्रदर्शन
सरियासंवाददाता के अनुसार मंगलवार को भाकपा माले के द्वारा सरिया प्रखंड मुख्यालय सह अनुमंडल कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा की क्षेत्र की तमाम जनता को किरासन तेल की गारंटी, सभी गरीबों को खाद्य सुरक्षा के तहत राशन कार्ड उपलब्ध कराने, बिजली से वंचित गांवों में विद्युतीकरण कराये जाने, सरिया अनुमंडल कार्यालय को सरिया प्रखंड में ही बनाये जाने आदि की मांग की गई।
जमुआ में धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा गया ज्ञापन
जमुआसंवाददाता के अनुसार माले का जमुआ प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना वे रैली कर प्रदर्शन हुआ। माले प्रखंड कमिटी द्वारा महामहिम राज्यपाल के नाम जमुआ बीडीओ के माध्यम से 07 सात सूत्री मांग पत्र समर्पित किया गया। जिसमें खाद्य सुरक्षा गारंटी कानून के तहत सभी गरीबों को राशन कार्ड देने की गारंटी की जाए। टिकामगहा पंचायत के मेदनीटांड गांव को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग की है। हिरोडीह थाना के पालमो गांव की छात्रा के साथ छेड़खानी करने वाले मनचलों को अविलंब गिरफ्तार करने, ग्रामीणों पर किए गए झूठे मुकदमे को अविलंब ख़ारिज करने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान उमड़ी माले समर्थकों अन्य लोगों की भीड़।