चुनाव का हर रंग यहां
तीसरे चरण की जिन सीटों पर मतदाता मंगलवार को अपना नेता चुनेंगे, उनमें चुनाव के हर रंग इकट्ठे मौजूद हैं। कुछ स्थानों पर विरासत बचाने की चुनौती है, तो कुछ कद्दावर चेहरों के समक्ष अपनी हैसियत कायम रखने की। बड़कागांव, ईचागढ़ और बरही जैसे क्षेत्रों में इमोशनल कार्ड की भी परख होगी। जन बहस (प्रचार) और प्रत्याशियों के चयन पर गौर करें, तो जाति को जाति से काटने और रिश्तों की परख का भी गवाह यह फेज बनेगा। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का भाग्य भी कल इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में मालिक जनता बंद कर देगी। मरांडी जिन दो क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं, उनमें से एक धनवार में मतदान कल होगा, तो गिरिडीह में चौथे चरण में। भाजपा-आजसू गठबंधन की गांठ कितनी मजबूत है, कल इसकी भी परख हो जाएगी। सिल्ली से आजसू के सर्वेसर्वा सुदेश महतो मैदान में हैं, तो रामगढ़ और बड़कागांव से उनके करीबी।