चुनाव में उपद्रव करने की कोशिश नाकाम
गावांप्रखंड के उग्रवाद प्रभावित पसनौर पंचायत में सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर सीधा हमला कर नक्सलियों ने इस क्षेत्र में पुलिस को जहां चुनौती पेश की है। वहीं वर्षों बाद नक्सली संगठन ने चुप्पी तोड़ कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रही है। केन्दुआडीह में मंगलवार अहले सुबह पुलिस के जवानों नक्सलियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई।
हालांकि इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मुठभेड़ के बाद घटना स्थल से दो शक्तिशाली लैंड माइंस के बरामद होने से पुलिस अधिकारी भी मान कर चल रहे हैं कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। धनवार विस के गावां तिसरी प्रखंड घोर उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में गिना जाता है। इन दोनों प्रखंडों में नक्सलियों ने कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। चुनाव पूर्व गावां प्रखंड में नक्सली गतिविधि की लगातार सूचना पुलिस को मिल रही थी। यहीं वजह था कि पुलिस के अर्धसैनिक बलों के जवान क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च अभियान चला रहे थे। मंगलवार सुबह भी जब नक्सलियों ने पुलिस जवानों पर हमला किया तो उस समय भी जवान सर्च अभियान पर निकले थे। हालांकि गावां तिसरी प्रखंड के सुदूर क्षेत्रों में कई पुलिस पिकेट के स्थापित होने से नक्सलियों की आवाजाही गतिविधि पर काफी हद तक विराम लग गया था। गावां प्रखंड के डूमरझाड़ा में लगभग छह वर्ष पूर्व नक्सली वारदात के बाद नक्सलियों ने कोई बड़ी घटना को अंजाम नहीं दिया था। इधर उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में नक्सली गतिविधि की सूचना के बाद पुलिस फुंक-फुंक कर कदम रख रही थी। यही वजह है कि नक्सलियों की घेराबंदी में पुलिस के जवान आने से बच गए। वर्षों बाद इस क्षेत्र में जिस तरह नक्सलियों के सामने से पुलिस पर हमला किया है। उससे माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस के सामने नक्सली बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। इसलिए पुलिस महकमा अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।