1500 असहाय लोगों को बांटे गए कंबल
प्रेरणापरमार्थ आश्रम के तत्वावधान में वनांचल एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से डेंटल काॅलेज परिसर में नि:शुल्क कंबल वितरण किया गया। इसमें रेहला, विश्रामपुर, बेलचंपा, फरठिया, हुर, झुरा, प्रतापपुर, नावाडीह, उरसुगी आदि गांवों के गरीब 1500 लोगों को कंबल दिया गया। वितरण में कोई अव्यवस्था हो इसके लिए ट्रस्ट ने असहाय लोगों का चयन कर कूपन देकर किया। कूपन दिखाने के बाद कंबल दिया गया। इससे पहले प्रेरणा परमार्थ के संस्थापक भैया जी ने अघोरेश्वर संत कीना राम, अवधूत भगवान राम, गुरुपद संभव राम की तस्वीर पर माल्यार्पण कर इसकी शुरुआत की। इसके बाद भैयाजी ने एक गरीब महिला के चरण पर कंबल रखकर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कंबल वितरण की शुरुआत की। सर्वप्रथम कार्यक्रम में उपस्थित गरीब महिलाओं को कंबल वितरण किया गया उसके बाद कूपनधारियों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित सभी गरीब असहाय महिला-पुरुषों के बीच प्रसाद के रूप में तहरी का वितरण किया गया। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए संस्थान के चेयरमैन दिनेश सिंह ने कहा कि संस्थान हमेशा इस तरह के कार्यक्रम के लिए तत्पर रहता है। ट्रस्ट द्वारा वर्ष भर इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि 16 अप्रेल को होने वाले सामूहिक विवाह के लिए यदि कोई असहाय व्यक्ति बेटा-बेटी की शादी के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसमें चयन के लिए निर्धन परिवार को प्राथमिकता दी जाएगी। मौके पर युवा समाजसेवी रंजीत सिंह, ट्रस्ट के निदेशक पवन सिंह, प्रकाश सिंह, आश्रम के इलाहाबाद शाखा के मनीष कुमार, डॉ. संतोष, डॉ. एके सिंह, डॉ. विकास, डॉ. पीडी तिवारी, डॉ. जेके मिश्रा, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. एनके प्रसाद, रंधीर सिंह, हरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
गरीबों के बीच कंबल का वितरण करते भैयाजी अन्य।