एचएम समेत दो शिक्षकों का वेतन रोका, शो कॉज
लातेहार | सदरप्रखंड के नेवाड़ी पंचायत के उत्क्रमित प्रावि विश्रामपुर के हेडमास्टर द्वारा स्कूल को किराए पर लगाए जाने के मामले पर डीएसई कमलेश तिवारी ने स्कूल के दोनों पारा शिक्षकों के मानदेय पर रोक लगा दी है। इस मामले में डीएसई ने एक पत्र जारी कर बीईईओ अशोक कुमार को दोनों पारा शिक्षकों से तीन दिनों के अंदर स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया है। कहा है कि स्पष्टीकरण के जवाब के साथ मंतव्य भी उपलब्ध कराएं, ताकि अग्रतर कार्रवाई की जा सके। गौरतलब हो कि उप्रावि के एचएम पतरस खोया ने 600 रुपए में विद्यालय का कमरा बिजली टावर खड़ा करनेवाली कंपनी को किराए पर दे दिया था। इसकी सूचना पर डीसी रविशंकर शुक्ला ने डीएसई से इसकी जांच कराई थी। इस खबर को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। डीएसई ने इसकी जांच सोमवार को की थी। जांच में पाया गया था कि एक कमरे में बिजली टावर के लोहे का सामान रखा गया था। विद्यालय मेंं कार्यरत दो पारा शिक्षकों में एचएम पतरस उपस्थित थे, जबकि दूसरा शिक्षक रामचंद्र उरांव पांच फरवरी से बिना सूचना के गायब था। नामांकित 44 बच्चों में मात्र 25 उपस्थित थे। डीएसई द्वारा जांच रिपोर्ट डीसी को सौंप दी गई है।