रांची/गुमला. कामडारा थाना क्षेत्र में जरिया के पास सड़क हादसे में आईआरबी के पांच जवानों की मौत हो गई। नौ जवान जख्मी हैं। इन्हें रिम्स रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम चार बजे पुलिस की 407 व ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई।
इससे पुलिस गाड़ी पलट गई। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। ये सभी कामडारा थाने में तैनात थे और तोरपा के एक बैंक से दो महीने के वेतन के पैसे निकालकर लौट रहे थे।
मृतकों में रांची के दो लोग
मृतकों में रांची के किशोर कुमार, व सुधीर कुमार, पलामू के भरगू चौधरी, कोलेबिरा के उदय डांग व यूपी के मो. सफरुद्दीन खान शामिल हैं। आठ दिन पहले ही उदय की शादी हुई थी।