(पुलिस की गिरफ्त में आरोपी)
खूंटी. खूंटी पुलिस ने रविवार को हरि मंदिर के पास एक घर में छापेमारी कर 435 ग्राम हेरोइन (नशीला पदार्थ) जब्त की। इस दौरान नशे के चार काराेबारियों को गिरफ्तार भी किया। पूछताछ के दौरान पुलिस को हेरोइन और ब्राउन शुगर का कारोबार करने वाले बड़े गिरोह की जानकारी मिली। गिरफ्तार लोगों ने बताया कि गिरोह का सरगना जाकिर खान उर्फ प्रेम चोपड़ा है, जो मुसाबनी (जमशेदपुर) के बघिया गांव का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम रवाना हो चुकी है। खूंटी एसपी अनीश गुप्ताके अनुसार, जब्त हेराेइन का बाजार मूल्य 45 लाख रुपए है।
छापेमारी कर दो जगहों से 435 ग्राम हेरोइन जब्त
एसपी अनीश गुप्ता ने सोमवार को बताया कि सीआईडी को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी के हरि मंदिर के पास अपने ससुराल में रह रहा हजारीबाग का महेश भगत हेरोइन और ब्राउन शुगर का कारोबार करता है। इस सूचना के बाद उन्होंने एएसपी पीआर मिश्रा और एसडीपीओ दीपक शर्मा के नेतृत्व में टीम बनाकर कार्रवाई का निर्देश दिया।
टीम ने रविवार की दोपहर छापेमारी की और महेश के घर से एक थैली में बंद 254 ग्राम हेरोइन मिली। मौके से ही महेश के अलावा प्रकाश मांझी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर एक अन्य टीम ने चलियावां गांव में छापेमारी कर प्रामाणिक और नारायण नायक को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। वहां से 181 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
राज्यभर में फैला है नेटवर्क
एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि खूंटी के अलावा रांची, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, चाईबासा, सिमडेगा तथा गुमला जिला में नशीले जहर के इन कारोबारियों का नेटवर्क फैला हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुट गई है। सरगना जाकिर की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे रैकेट का पर्दाफाश हाेगा।
आगे की स्लाइड में देखें जब्त हेरोइन