वेद प्रकाश भाटिया पंचतत्व में विलीन
पंजाबस्वीट्स हाउस के संस्थापक वेद प्रकाश भाटिया का पार्थिव शरीर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। हरमू मुक्तिधाम में मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र संदीप भाटिया ने दी। अंतिम संस्कार में उनके पुत्रों अश्विनी भाटिया मिंटू और आशीष भाटिया बंटी के अलावा पुत्र वधुएं भी शामिल हुईं। वहीं, पीपी कंपाउंड स्थित निवास स्थल निर्मल विला में पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, गामा सिंह समेत कई लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित की। 11.30 बजे पीपी कंपाउंड से अंतिम यात्रा शुरू हुई। उन्हें पहले मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट्स हाऊस ले जाया गया, जहां सामूहिक रूप से कर्मचारियों ने माल्यार्पण किया। उसके बाद गुरुद्वारा के बाहर मत्था टेकाया गया। मुक्तिधाम पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद लोगों ने श्रद्धांजलि दी।