पंजाब स्वीट्स के संस्थापक व्यवसायी वेद प्रकाश नहीं रहे
पंजाब स्वीट्स हाउस के संस्थापक वेद प्रकाश भाटिया (80) का शनिवार की शाम निधन हो गया। भाटिया अपने पीछे तीन पुत्रों अश्विनी, आशीष भाटिया और संदीप भाटिया समेत भरापुरा परिवार छोड़ गए। रविवार को दिन के 12 बजे हरमू मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार होगा। अंतिम यात्रा 11.30 बजे उनके पीपी कंपाउंड स्थित आवास से निकलेगी। वेद प्रकाश भाटिया पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और मेडिका में इलाज चल रहा था। निधन से व्यवसाय जगत में शोक है। सैकड़ों लोग मेडिका पहुंचे। घर पहुंच कर श्रद्धासुमन अर्पित करने का सिलसिला देर रात तक जारी था। पेशावर पाकिस्तान के कोहाट में जन्मे वेद प्रकाश भाटिया देश के बंटवारे के समय रांची आए और यहीं के होकर रह गए। आर्थिक तंगी के कारण खुद तो अधिक पढ़ाई नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने अपने सभी बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाई। अलग-अलग क्षेत्रों में दक्षता हासिल करने के लिए विदेश भेजा। 1948 में पंजाब स्वीट्स हाऊस की शुरुआत कर परिवार के साथ भाईयों को भी व्यवसाय में उतारा।
उनकी छत्रछाया में पंजाब स्वीट्स हाऊस, काठी कबाब, नावेल्टी, कावेरी रेस्टोरेंट, मानसरोवर, दवा दुकान कांटीनेंटल फार्मेसी और फिर दीनानाथ ग्रुप ऑफ होटल्स के बैनर तले कैपिटॉल हिल, कैपिटॉल रेसीडेंसी और कॉव जैसे स्टार होटलों की स्थापना की। व्यवसाय के साथ-साथ वह सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे। गरीब लड़कियों की शादी कर उनके घर बसाने में लगे रहे।
वेद प्रकाश भाटिया।