विकास के लिए हर मुखिया को मिलेगा एक करोड़ रुपए
सिटी रिपोर्टर | बोकारो/रांची
मुख्यमंत्रीरघुवर दास ने कहा है कि केंद्र सरकार ने पांच वर्षों के लिए झारखंड को छह हजार करोड़ रुपए दिए हैं। हर मुखिया को 80 लाख से एक करोड़ रुपए अपनी पंचायत में खर्च करने के लिए दिए जाएंगे। यह राशि केंद्र से सीधे मुखिया के खाते में आएगी। बीच में कोई नहीं रहेगा। गांव का विकास अब गांव की सरकार ही करेगी। राज्य सरकार सहयोग के लिए खड़ी रहेगी। सतनपुर गांव में योजना बनाओ अभियान में सीएम ने ये बातें कही। उन्होंने कहा कि इसके तहत जनोपयोगी योजनाओं का चयन करना है। इससे पहले मुखियाओं को विकास की राशि मिलती थी, उसकी बंदरबांट होती थी। अब जो पैसा आएगा, उसकी जानकारी पंचायत के सभी लोगों को होगी। इसलिए योजना बनाओ अभियान चलाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि 2016-17 में हर विधवा को पेंशन और घर उपलब्ध कराया जाएगा।
लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देते मुख्यमंत्री रघुवर दास।
सीएम ने कहा कि झारखंड में एसआईटी का गठन किया गया है। आदिवासियों की जमीन जिसने भी लूटी है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। आदिवासी महिलाओं की समिति बनाकर उन्हें व्यवसाय के लिए एक लाख रुपए दिए जाएंगे, जबकि आदिवासी युवक-युवतियों को व्यवसाय के लिए दो-दो लाख रुपए दिए जाएंगे। 2019 तक स्वच्छ भारत बनाने के लिए सभी विधायकों को 50-50 लाख रुपए दिए गए हैं। यह राशि और बढ़ाई जाएगी। अब गांव की एक भी महिला खुले में शौच नहीं जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो गांव नशामुक्त होगा, उस गांव को एक लाख रुपए पुरस्कार दिया जाएगा। फसल बीमा का प्रीमियम 15 प्रतिशत से घटाकर दो प्रतिशत कर दिया गया। अब किसानों को फसल की क्षतिपूर्ति आसानी से मिलेगी। सुखाड़ से पहले प्रखंड सतर पर सर्वे होता था, अब पंचायत स्तर पर होगा।