आपकी लिखी कहानी में है दम, ताे 2 करोड़ देगी सरकार
झारखंडसरकार छोटे फिल्मकारों और कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए फिल्म नीति बना रही है। इसके लिए गाइडलाइन तैयार की जा रही है। स्थानीय स्तर पर फिल्म बनाने में और उसके प्रमोशन पर आने वाले खर्च के लिए सरकार ने 2 करोड़ रुपए तक अनुदान देने की याेजना बनाई है। ऐसे फिल्मकारों को आमंत्रित किया गया है, जिनके पास बेहतरीन कहानी है, पर वे धन के अभाव में फिल्म नहीं बना पा रहे हैं। धनबाद के 7 लोगों ने आवेदन के साथ कहानी राज्य सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को भेजी है।
सरकार ने जागरूकता फैलाने के लिए सभी जिलों में हर सप्ताह फिल्मों की स्क्रीनिंग करने की योजना बनाई है। पहले फेज में पांच जिलाें धनबाद, रांची, जमशेदपुर, देवघर और बोकारो में स्क्रीनिंग कराई जाएगी।
सभी जिलों के अधिकारियों से राज्य सरकार ने वहां सक्रिय कलाकारों की सूची भी मांगी है। कलाकारों को उचित प्रशिक्षण दिलाने की भी योजना है। हर विधा के ऐसे कलाकारों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, जो धन के अभाव में अपनी कला को नहीं निखार पा रहे हैं।
अप्रैल में रांची जमशेदपुर में होगा फिल्म महोत्सव
अप्रैलमें झारखंड में फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय भाषाओं के साथ-साथ हिंदी और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। राज्य सरकार ने फिल्मों का प्रदर्शन रांची और जमशेदपुर में करने का फैसला किया है। धनबाद, बोकारो और दुमका में भी फिल्में प्रदर्शित की जा सकती हैं।
राज्य में जल्द ही फिल्म विकास निगम का गठन किया जाएगा। यह निगम ही स्थानीय स्तर पर फिल्म निर्माण की जिम्मेवारी निभाएगा। फिल्मकार निगम के पास ही कहानी भेजेंगे। उसी आधार पर सरकार उन्हें अनुदान देगी। जब तक निगम का गठन नहीं हो जाता, तब तक फिल्मकार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रधान सचिव के कार्यालय में कहानी के साथ आवेदन भेज सकते हैं।
अभी 5 जिलों में स्क्रीनिंग का फैसला
^सरकारस्थानीय स्तर छोटे फिल्मकार और कलाकार को बढ़ाने के लिए फिल्म नीति का निर्माण कर रही है। सरकार ने फैसला लिया है कि आर्थिक अभाव के कारण फिल्मों के निर्माण और प्रमोशन नहीं करने वाले कालाकारों को सरकार 2 करोड़ का अनुदान देगी। हर सप्ताह जिलों में स्क्रीनिंग की जाएगी। फिलहाल सरकार ने पांच जिलों में फिल्म स्क्रीनिंग करने का निर्णय लिया है। वही अप्रैल में राज्य में फिल्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा। -आनंद, डिप्टी डायरेक्टर, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, रांची