सीबीआई जांच कराने की बात प्रधानमंत्री को बताऊंगा : मोदी
सफायरस्कूल के छात्र विनय की हत्या के बाद उसके परिजन से मिलने अब तक मुख्यमंत्री रघुवर दास नहीं पहुंचे हैं। वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े भाई प्रह्लाद मोदी गुरुवार को विनय के पैतृक गांव चंदाघासी पहुंचे और बच्चे की मां से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देंगे। उन्हें बताएंगे कि विनय की मां इस मामले की जांच सीबीआई से कराना चाहती है। यह भी कहा कि राज्य सरकार को स्कूलों पर नजर रखने के लिए कानून में बदलाव लाना चाहिए। अगर शिक्षकों में गड़बड़ी है, तो उन्हें तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए। विनय की मां ने कहा कि मैं मर जाऊंगी, लेकिन इस इल्जाम को कभी नहीं मानूंगी कि मेरे बेटे की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है।
गांववालों में भी आक्रोश
विनयहत्याकांड का खुलासा जिस तरह पुलिस ने किया है, इस पर चंदाघासी के लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि 12-13 साल का बच्चा जो खुद ठीक से कपड़े नहीं पहन सकता, उस पर इतना बड़ा इल्जाम पुलिस लगा रही है। जिस तरह बच्चे के चेहरे पर चोट थे, उसे देख यह विश्वास नहीं होता है कि एक 16 साल के बच्चे ने दीवार में उसका सिर टकरा कर लहू-लुहान किया है।
मां : जिस बच्चे की स्कूल से कभी कोई शिकायत नहीं आई, उस पर इस तरह का इल्जाम लगाना क्या सही है ?
मोदी : मैंआपकी बातों से सहमत हूं। मैंने आज सुबह इस मामले पर मुख्यमंत्री से बात की है। उन्होंने कानून के तहत कार्रवाई करने की बात कही है।
मां: बेटे पर लगे प्रेम प्रसंग की बात से हम सभी लोग आहत हैं। इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से होनी चाहिए, आप ही कुछ करिए।
मोदी : एकबात समझो, सोने को आंच नहीं आती, चाहे जो भी लोग कहें, तुम्हें न्याय जरूर मिलेगा।
मां: हमलोग खेती करने वाले लोग हैं, किसी तरह से अपने बच्चे को अच्छे स्कूल में पढ़ा रहे थे, लेकिन स्कूल ने मेरे बच्चे को मार डाला।
मोदी : आनेवाले दिनों में स्कूलों पर सरकार पाबंदी जरूर लगाएगी। इस मामले को जिसने अंजाम दिया है, उसे कानून जरूर सजा देगा।
विनय की मां से बात करते पीएम के अनुज प्रह्लाद मोदी।