एक ही पथ का दो बार हुआ शिलान्यास
खूंटीजिले के कर्रा और तोरपा प्रखंडों में एक ही पथ का दो बार शिलान्यास किया गया। तोरपा से कर्रा के बीच 49 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस पथ का पहले हाल ही राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कर्रा में शिलान्यास किया। इसके बाद बुधवार को तोरपा विधायक पौलुस सुरीन ने तोरपा के कर्रा मोड़ में इसी पथ का शिलान्यास किया। 49 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क तोरपा से कर्रा होते हुए रांची से जुड़ेगी। इस सड़क के निर्माण होने के बाद तोरपा से रांची की दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में इस पथ को आरईओ से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित हुआ है। पथ निर्माण विभाग द्वारा उक्त पथ काे पहली बार निर्माण कराने जा रही है। शिलान्यास समारोह में मुखिया सुनीता गुड़िया, अमृत हेमरोम, संगीता ठाकुर आदि उपस्थित थे।