परियोजना कर्मियों ने कार्यालय में जड़ा ताला
शिक्षापरियोजना के कर्मचारियों ने गुरुवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्य परियोजना कार्यालय में ताला जड़ दिया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, दुमका, प. सिंहभूम, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, रांची, खूंटी, रामगढ़ और लोहरदगा समेत कई जिलों के कर्मचारी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि बुधवार को आयोजित हवन कार्यक्रम में दर्जनभर जिलों के कर्मचारी शामिल थे।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद कर्मचारी संघ के बैनरतले परियोजनाकर्मी 18 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल का उद्देश्य अपनी मांगों के प्रति प्रबंधन को संवेदनशील बनाना और यथाशीघ्र मांगों पर अमल कराना है। संघ के अध्यक्ष राजीव शरण ने कहा कि सरकार जबरन आंदोलन काे दबाना चाहती है। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को शाम छह बजे जयपाल सिंह स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान सरकार का पुतला भी फूंका जाएगा। यह भी कहा कि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो 13 फरवरी से राज्य परियोजना कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन किया जाएगा। इसमें दर्जनभर जिलों के कर्मचारी शामिल होंगे।