बच्चों को हॉस्टल में रखें या नहीं सशंकित हैं अभिभावक
सफायरइंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को आयोजित पैरेंटस मीट में काफी कम संख्या में अभिभावक पहुंचे। इसकी वजह विनय हत्याकांड के बाद उपजी दहशत बताई जा रही है। वहीं जो माता-पिता पहुंचे, उनमें से ज्यादातर बच्चों को इस स्कूल में रखें या नहीं इसको लेकर सशंकित दिखे। स्कूल प्रबंधन की लापरवाही ने उनके मन में असंतोष पैदा कर दिया है।
प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के आश्वासन मिलने के बाद केबी शर्मा जैसे कुछ लोगों ने एक-दो दिनों में देखने की बात कही। उसके बाद वे निर्णय करेंगे कि अपने बच्चे को यहां पढ़ाएं या नहीं। जबकि कुछ इस कदर असंतुष्ट रहे कि कह दिया कि वे एग्जाम के बाद स्कूल सिर्फ बच्चे की टीसी लेने ही आएंगे। पलामू के ज्योतिरेश्वर सिंह बोले, बच्चों को भले सरकारी स्कूल में पढ़ाना पड़े, वे अब सफायर में नहीं पढ़ाएंगे। उनके दो बच्चे यहां हॉस्टल में रहकर पढ़ते हैं।