संचालन समिति की घोषणा पर भड़के वकील
रांचीजिला बार एसोसिएशन का चुनाव निर्धारित तिथि 19 फरवरी को ही होगा। यह चुनाव सोसाइटी एक्ट के तहत होगा। इसमें बार काउंसिल की दखलअंदाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्णय मंगलवार को नवनिर्मित बार भवन पर आयोजित प्रत्याशियों की बैठक में वकीलों ने सामूहिक रूप से लिया। बैठक में मौजूद वकीलों ने संचालन समिति के सदस्य विनोद कुमार साहू और चुनाव कमेटी के दो सदस्य रामानुज तिवारी और अजय तिवारी की निंदा की। कहा, संचालन समिति के उक्त सदस्य चुनाव को क्यों बाधित करने पर तुले हैं। बैठक तीन से चार बजे तक चली। सभी वकीलों ने रामानुज तिवारी और अजय तिवारी से संपर्क साधना चाहा, तो वे लोग नहीं मिले। इस दौरान अरविंद कुमार सिंह को बुलाया गया और उन्हें सर्वसम्मति से चुनाव कराने की जिम्मेवारी सौंपी गई। सभी वकीलों ने उन्हें आश्वस्त किया कि जिस तरह की आपको मदद चाहिए मिलेगी। चुनाव से संबंधित सभी कागजात और संग्रहित राशि 2.50 लाख रुपए उन्हें बुधवार को देने का आश्वासन दिया है।
बैठक में बड़ी संख्या मेंं सदस्यों ने शिरकत की। इनमें बीके राय, सुधीर कुमार सिन्हा, अनिल पराशर, अशोक कुमार, संजय विद्रोही, रतीश रौशन उपाध्याय, आरिफ नसीम करीम, शिशिर कुमार, श्रीराम मिश्रा, पवन खत्री, बीसी झा, जगदीश चंद्र पांडेय, अर्चना साहू आदि शामिल थे। इन सभी ने मॉडल रूल की खुल कर आलोचना की।
नवनिर्मित बार भवन मेें आयोजित बैठक में शामिल वकील।
बैठक में सभी प्रत्याशियों ने काउंसिल के मॉडल रूल का विरोध किया। इस दौरान प्रत्याशी के अलावे आम अधिवक्ता भी मौजूद थे। सभी वकीलों ने भी मॉडल रूल और उसके तहत धारा-50 (6) और धारा-57 की तीखी आलोचना की।