रांची बंद का मिला-जुला असर
सफायरस्कूल के छात्र विनय महतो की हत्या के विरोध में आहूत रांची बंद का राजधानी में मिला-जुला असर रहा। बंद का आह्वान लोक सेवा समिति और अभिभावक संघर्ष मोर्चा ने किया था। अधिकतर स्कूल खुले रहे। बंद समर्थकों ने हटिया, तुपुदाना, सिंहमोड़ क्षेत्र की दुकानों को बंद कराया। इस दौरान हटिया के चांदनी चौक पर बंद समर्थकों ने सुबह रोड पर टायर जला कर सड़क जाम कर दी। जाम की सूचना मिलने पर रांची एसडीओ आदित्य आनंद, हटिया एएसपी प्रशांत आनंद सहित कई पुलिसकर्मी पहुंचे।
पुलिस अफसरों ने बंद समर्थकों से कहा कि विनय हत्याकांड का खुलासा हो गया है। तब जाकर सुबह 10 बजे जाम हटाया गया। झारखंड विकास अल्पसंख्यक मोर्चा रांची महानगर के अध्यक्ष नदीम इकबाल के नेतृत्व में 30 मोटरसाइकलों पर कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की। रैली में झारखंड मुस्लिम युवा मंच के अध्यक्ष मो. शाहिद भी सदस्यों के साथ शामिल हुए।
बंद समर्थकों को बस में ले जाती पुलिस। शाम के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
सुबह आठ बजे बंद कराने निकले समर्थकों को हटिया पटेल नगर के पास पुलिस ने खदेड़ कर भगाया। बंद समर्थकों ने अलबर्ट एक्का चौक पर भी प्रदर्शन किया। आइसा और एपवा के समर्थकों ने आधा घंटा तक अलबर्ट एक्का चौक जाम किया। इसकी वजह से काफी देर तक वाहनों का आवागमन बंद रहा। आइसा, ऐपवा और एआइपीएफ के सदस्य बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे। अलबर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत मेें ले लिया और उन्हें मोरहाबादी ले गई। बाद में सभी को छोड़ दिया गया। गुलाबी टेंपो चालक सर्विस से जुड़ी सदस्यों ने भी बंद के समर्थन में अरगोड़ा से रैली निकाली। इसका नेतृत्व मगदली तिर्की और शिखा मिंज ने किया।