रांची. आईपीएच नामकुम के प्रेक्षागृह में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चन्द्रवंशी की अध्यक्षता में परिचारिका (नर्स) ए. ग्रेड, प्रयोगशाला प्रावैधिक और फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र वितरण किया। इस समारोह में मंत्री द्वारा 69 परिचारिका (नर्स) ए. ग्रेड, 128 प्रयोगशाला प्रावैधिक और 141 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की जा रही है।
दवा, एंबुलेंस आदि की उपलब्धता करने के लिए हर सभंव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को भी नियमित किया जाएगा। राज्य के पलामू, हजारीबाग एवं दुमका में मेडिकल काॅलेज खोलने की प्रक्रिया चल रही है। कैंसर अस्पताल का निर्माण शीघ्र आरंभ होगा।
उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से कहा कि आप सेवा भाव से काम करें, आपका कार्य समाज सेवा के समान है, आप इसे समाज सेवा समझ कर करेंगे तो आपको अपना कार्य बिल्कुल भी कठिन प्रतीत नहीं होगा। आप अपने कार्य के प्रति समर्पण से कई लोगों के चहरे पर मुस्कान ला सकते हैं। राज्य सरकार को आप सभी से बहुत ही आशा है तथा मुझे विश्वास है कि आप हमारे आशाओं पर खरा उतरेंगे। हम सभी को मिलकर राज्य को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र एवं देशभर में प्रथम स्थान पर लाना है। इसके लिए हमे संकल्प के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
विभाग ने अपनी जिम्मेवारी निभाई : अभियान निदेशक
समारोह के दौरान अभियान निदेशक आशीश सिंहमार, अभियान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आपके दस वर्षों के सेवा के उपरांत आपको नियमित किया जा रहा है। यह आपके बेहतर कार्य का इनाम है विभाग ने अपनी जिम्मेवारी निभाई अब, आपलोगों की बारी है। निदेशक प्रमुख डाॅ. प्रवीण चन्द्रा ने कहा कि राज्य को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अव्वल बनाने हेतु आप सभी का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है। आप पूरे मन से कार्य करें, विभाग की ओर से आपको हर सभंव सहयोग मिलेगा। किसी भी कर्मी का अहित नहीं होने दिया जाएगा। इस समारोह में स्वास्थ्य निदेशालय के सभी निदेशक, अपर निदेशक, उप निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कोषांग, कार्यक्रम प्रभारी, परामर्शी, समन्वयक, कर्मी एवं सभी नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मी आदि लोग उपस्थित थेे।