पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • राजधानी में क्रिकेट की तपिश जाड़े में भी खूब छूट रहे पसीने

राजधानी में क्रिकेट की तपिश, जाड़े में भी खूब छूट रहे पसीने

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. भारत और श्रीलंका के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच 12 फरवरी को धुर्वा के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। लेकिन राजधानी पर क्रिकेट का बुखार अभी से चढ़ने लगा है। हर स्तर पर धुआंधार तैयारी चल रही है।
क्रिकेट की तपिश ऐसी कि जाड़े में भी लोगों के पसीने छूट रहे हैं। टिकट काउंटर से लेकर मैदान तक। मैच के टिकटों की बिक्री मंगलवार को शुरू हो गई, जो 11 फरवरी तक जारी रहेगी। इसके लिए जेएससीए स्टेडियम परिसर में छह काउंटर बनाए गए हैं। पहले दिन सुबह मेंे ही टिकट लेने वालों की लंबी लाइन लग गई थी।

वहीं ग्राउंड मैन ग्रास कटिंग से लेकर पवेलियन को सजाने में व्यस्त रहे। स्टेडियम के अंदर व बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती होगी। ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने पाए।

शाम चार बजे ही खुल जाएंगे स्टेडियम के गेट

बीसीसीआई के संयुक्त सचिव व जेएससीए के अध्यक्ष अमिताभ चौधरी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैच दिन शाम चार बजे ही स्टेडियम के गेट खोल दिए जाएंगे। लेकिन रात आठ बजे के बाद किसी को भी प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी। पहले दिन ही बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहुंचे और टिकटों की खरीदारी की। प्रेस कांफ्रेंस में राजेश वर्मा, संजय सिंह, कुलदीप सहित अन्य मौजूद थे।
आज पहुंचेंगे दोनों टीमों के खिलाड़ी

दोनों टीमें बुधवार को रांची पहुंचेंगी। इसके लिए एयरपोर्ट से उनके ठहरने के स्थान रेडिशन ब्लू तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भारतीय टीम कप्तान महेंद्र सिंह धौनी, रोहित शर्मा, शिखर धवन, मनीष पांडेय, अजिंक्य रहाणे, युवराज सिंह, सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, पवन नेगी, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, आशीष नेहरा आैर हरभजन सिंह। वही, श्रीलंका की टीम में कप्तान दिनेश चांडीमल, डी चमीरा, निरोशान डिकवेला, बिनुरा फर्नांडो, दिलहारा फर्नांडो, ए गुनरत्ने, सी कपुगेडेरा, थिसारा परेरा, एस प्रसन्ना, के रजीथा, एस सेनानायके, डी सनाका, मिलिंडा श्रीवर्धने आैर जेफरी वानडर्से शामिल हैं।

300 सीसीटीवी कैमरों की रहेगी नजर

अमिताभ चौधरी ने कहा कि मैच में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। परिसर में 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे हर गेट, कॉरिडोर व अन्य जगहों पर होंगे। मैच को लेकर बहुत कम समय मिला है। लेकिन सभी लोगों ने रात-दिन एककर सारी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। इस बार वीआईपी के साथ आने वाले गार्ड व ड्राइवरों के लिए भी मैच देखने की व्यवस्था की गई है।

तैयारी अंतिम चरण में

मुख्य मैदान में काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। आउट फील्ड को सुंदर बनाने को लेकर मजदूर सुबह से शाम कार्य कर रहे हैं। मैदान लगभग तैयार हो चुका है। सिर्फ हल्के-फुल्के काम ही बचे हैं, जो एक-दो दिनों के अंदर पूरा कर लिए जाएंगे।
कम दाम के टिकट ज्यादा बिके

जेएससीए स्टेडियम के बाहर बने छह काउंटरों पर सुबह से ही क्रिकेटप्रेमी जुटने लगे। नौ बजते-बजते सभी काउंटरों पर लंबी कतार लग गई। दस बजे जैसे ही काउंटर खुले लोगों ने एक-एक कर टिकट लेना शुरू किया। सबसे ज्यादा 700, 1000 व 1200 रुपए वाले टिकट बिके। टिकट लेने में किसी को भी कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।
खबरें और भी हैं...