पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पीएम मोदी ने खनिज के मामले में झारखंड को देश का सबसे धनी राज्य बताया

मेक इन इंडिया वीक: पीएम- झारखंड में निवेशकों के लिए हैं अपार संभावनाएं

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि खनिज संपदाओं के मामले में झारखंड देश का सबसे धनी राज्य है। वहां निवेशकों के लिए अपार संभावनाएं हैं। वे शनिवार को मुंबई के वर्ली स्थित एनसीसीआई सभागार में देश के पहले मेक इन इंडिया वीक के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उभरते भारत की ओर दुनिया उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में निवेश के क्षेत्र में संभावनाओं के कई द्वार खुलेंगे। मेक इन इंडिया वीक के इस आयोजन से विनिर्माण क्षेत्र में नई संभावनाओं का उदय होगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि निवेशकों और उद्योगपतियों के लिए राज्य में अनुकूल वातावरण है। जो भी उद्यमी झारखंड में उद्योग लगाना चाहें, उनकी राज्य सरकार हर तरह से मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड तेजी से बदल रहा है। निवेशक राज्य में उद्योग लगाएं। इससे व्यवस्था बदलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे पहले उन्होंने झारखंड की परंपरा के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
17 को निवेशकों से बात करेंगे रघुवर
मेक इन इंडिया वीक में स्वीडन, फिनलैंड और पोलैंड समेत कई देशों के प्रमुख और भारत के 17 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। रघुवर दास 17 फरवरी को निवेशकों के साथ सीधी बातचीत करेंगे।
झारखंड पवेलियन में पहुंचे मोदी
उद््घाटन के बाद रघुवर दास के साथ प्रधानमंत्री झारखंड पवेलियन पहुंचे। मोदी ने झारखंड सरकार के विकास कार्यों की सराहना की। इस मौके पर मुकेश अंबानी और कुमार मंगलम बिड़ला समेत कई औद्योगिक घरानों के प्रमुख मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने इन्हें सिंगल विंडो सिस्टम, इज ऑफ डूइंग बिजनेस में झारखंड की रैंकिंग आदि के बारे में बताया। साथ ही निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
निवेशकों से बोले मोदी- भारत में बेशुमार मौके
‘मेक इन इंडिया’ सप्ताह की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने देश में पारदर्शी कर व्यवस्था, सरल लाइसेंसिंग और आसान क्लियरेंस का वादा किया। उन्होंने कहा कि सरकार पिछली तारीख से कोई टैक्स नहीं लगाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की 65% आबादी 35 साल से कम की है। यह हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। नए उद्यमी काम करने और डिलीवरी के नए तरीके अपना रहे हैं। उद्योगपतियों को मेरी सलाह है, ‘इंतजार मत कीजिए। सुस्त मत पड़िए। भारत में बेशुमार मौके हैं।’
‌22,000 करोड़ के 3 समझौते
-स्टरलाइट समूह की कंपनी ट्विनस्टार डिस्प्ले ने एलसीडी यूनिट लगाने का समझौता किया। ताइवान की ऑट्रॉन तकनीकी मदद करेगी। इसमें 20,000 करोड़ का निवेश होगा। जगह अभी तय नहीं।
-रेमंड इंडस्ट्रीज अमरावती में लिनन और फैब्रिक्स कपड़ों का प्लांट लगाएगी। इस पर 1,400 करोड़ रुपए का निवेश होगा।
-भारी मशीनरी बनाने वाली चीन की कंपनी सेनी ने कहा कि 10 साल में 6,800 करोड़ रु. निवेश करेगी। पुणे प्लांट में 700 करोड़ निवेश कर चुकी है।
-हिंदुस्तान कोका कोला और जैन इरिगेशन मिलकर विदर्भ में जूस प्लांट लगाएगी। इसपर 750 करोड़ रुपए का निवेश हो सकता है।