पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • टेप कांड के विरोध में कांग्रेिसयों ने नेहरू चौक पर नुक्कड़ नाटक और पुतला जलाया

पुतला दहन कर रहे कांग्रेसियों को पानी की बौछारें, पुलिस को चकमा देकर जलाए पुतले

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. अंतागढ़ टेप कांड के विरोध में कांग्रेिसयों ने बुधवार को नेहरू चौक पर नुक्कड़-नाटक और पुतला दहल कार्यक्रम का आयोजन किया। नेहरू चौक को घेरकर पुलिस पुतला दहन का इंतजार करती रही और कांग्रेसियों ने मंच से उतरते ही पुतला जला दिया। इस बीच जैसे ही एक और पुतला जलाने की कोशिश की गई, पुलिस ने पानी की बौछारें कर दी।
अंतागढ़ टेपकांड के विरोध में कांग्रेसियों ने बुधवार को नेहरू चौक पर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान तीन सिर वाले एक पुतले का दहन किया गया और पुतला दहन रोकने के लिए तैनात पुलिस देखती रह गई।
इससे पहले नुक्कड़-नाटक और पुतला दहन कार्यक्रम में पीसीसी चेयरमैन भूपेश बघेल भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर गरजे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अंतागढ़ टेपकांड भाजपा की साजिश का नतीजा है। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता तखतपुर रवाना हो गए।
पीसीसी के निर्देश पर कांग्रेसियों ने बुधवार को नेहरू चौक पर टेपकांड के विरोध में नुक्कड़-नाटक व सीएम डॉ. रमन सिंह, मंत्री राजेश मूणत व डॉ. पुनीत गुप्ता का पुतला दहन कार्यक्रम रखा। कार्यक्रम से पहले ही कांग्रेसजनों ने मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह, मंत्री मूणत और डाॅ. गुप्ता के 6 पुतले बना लिए थे।
नुक्कड़ सभा के लिए स्टेज तहसील कार्यालय के पीछे जिला सहकारी बैंक के करीब बनाया गया था। सभा खत्म होने के बाद सभी नेता स्टेज से नीचे उतरे तो वहीं पर तीन सिर वाले पुतले का दहन कांग्रेसजनों ने कर दिया।
इस बीच पुलिस की टीम नेहरू चौक को चारों ओर से घेरे हुए थी। वे वहां पुतला दहन का इंतजार करती रही। इसके बाद एक-एक कर सभी कोनों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले जला दिए। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। स्टेज से थोड़ी दूर पर जब दूसरा पुतला जलाने के लिए आग गई तो फायर ब्रिगेड से पानी की बौछार की गई।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता तखतपुर रवाना हो गए।
नुक्कड़ सभा कर बताया कैसे रचा षडयंत्र:
पुतला दहन से पहले शहर कांग्रेस कमेटी ने नेहरू चौक में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। इसमें बताया गया कि किस तरह विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी मंतूराम को पैसों से खरीदा गया। इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। कैसे और किसके जरिए मंतूराम से बातचीत की गई।
गरीब किसानों का हक मार अंतागढ़ टेप कांड जैसी साजिश रच रही भाजपा: भूपेश
नुक्कड़ सभा में प्रदेश अध्यक्ष बघेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को हार का अहसास हो चुका था, इसलिए कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी मंतूराम को लालच देकर सारा षडयंत्र रचा गया। इसमें डाॅ. गुप्ता और मंत्री मूणत भी शामिल थे। यह लोकतंत्र की हत्या है। ऐसा करने वालों पर मुख्यमंत्री कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का अंतिम फैसला अापके वोटों से होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह का मत हमारे और आपके मत से अलग नहीं है। फिर भाजपा के लोगों ने किस तरह से अंतागढ़ के प्रत्याशी मंतूराम को पैसा देकर नामांकन भरने से रोका।
जिस पैसे से भाजपा खरीद-फरोख्त करने में जुटी है, वह प्रदेश के किसानों के हक का पैसा है। नान घोटाला, धान घोटाला सब इनके राज में हो रहा है। इसके खिलाफ सभी को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी, नहीं लड़ेंगे तो लोकतंत्र का वजूद खत्म हो जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि सरकार तरह-तरह के टैक्स लादकर प्रदेश की जनता को परेशान कर रही है। दूसरी और सत्ता में बने रहने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। पूर्व सांसद करुणा शुक्ला ने भी प्रदेश सरकार पर कटाक्ष किया।
बस्तर में नक्सलियों से ज्यादा ग्रामीणों की गिरफ्तारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि बस्तर में नक्सलियों के नाम पर गांव के भोले-भाले आदिवासी पकड़े जा रहे हैं। यदि वे नक्सली हैं तो सरकार गिरफ्तारी के बाद उनकी गतिविधियों का खुलासा क्यों नहीं कर रही है।

कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बघेल ने कहा कि बस्तर में बड़ी संख्या में नक्सलियों की गिरफ्तारी में इसमें से अधिकांश ग्रामीण होते हैं। अमित जोगी के निष्कासन व अपील के मामले में उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति से एक नोटिस मिला है उसका जवाब मुझे देना है
। इसके बाद आगे फैसला होगा। जहां तक सवाल अजीत जोगी के निष्कासन का है तो इसका फैसला अनुशासन समिति को करना है। इसमें समय लगता है। अमित जोगी का निष्कासन खत्म होने पर हमने इस्तीफा देने की बात कभी नहीं कही है, न ही वे ऐसा करेंगे।
अमित जोगी के कार्यक्रम में भाग लेने वालों पर हमारी नजर है। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में सरप्लस बिजली होने के बाद भी दर में बढ़ोतरी करना गलत है, इसके विरोध में जनता को सड़क पर उतरना चाहिए।
उन्होंने अंतागढ़ टेप कांड मामले में कहा कि इसमें अजीत जोगी और अमित जोगी की आवाज है उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है ऐसे की भाजपा को भी कार्रवाई करनी चाहिए। मेरे खिलाफ जो सीडी जारी हुई उसमें मैंने स्वीकार किया है कि मेरी आवाज है वैसे ही सबको यह स्वीकार करना चाहिए।
सरकार बजट पर चर्चा करना ही नहीं चाहती
कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि 1 से 31 मार्च तक बजट सत्र है। इसमें सत्र सिर्फ 18 दिन का है ऐसे में 40 विभागों के बजट पर चर्चा हो पाना संभव नहीं है। प्रदेश सरकार जानबूझकर ऐसा समय तय कर रही है जिससे चर्चा करने से बचा जा सके।
सरकार के पास बहुमत है और वह जैसा चाहेगी बजट को पारित करा लेगी। प्रश्नकाल, स्थगन काल और ध्यानाकर्षण के प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है। बजट सत्र में भूमि अधिग्रहण कानून, बिजली की दरों में वृद्धि पर चर्चा होगी।
नुक्कड़-नाटक से बताई मंतू की कहानी
आयोजन स्थल पर कांग्रेसियों ने नुक्कड़-नाटक के जरिए भी भाजपा पर प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने नुक्कड़-नाटक के जरिए बताया कि किस तरह से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी रहे मंतू राम को भाजपाइयों ने खरीदा। पीसीसी चेयरमैन भूपेश बघेल ने भाजपा पर षडयंत्र करने का आरोप लगाया।
खबरें और भी हैं...