रांची. गत चैंपियन रांची रेज ने कोल इंडिया हॉकी इंडिया लीग-4 (एचआईएल) में जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए अपने लीग के आखिरी मैच में दबंग मुंबई को 1-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ उसे पांच अंक हासिल हुए और उसने तालिका में शीर्ष स्थान सुनिश्चित कर लिया है। रांची की टीम सेमीफाइनल में पहले ही पहुंच चुकी है। अब रांची के 10 मैचों में 37 अंक हो गए हैं। मुंबई को नौ मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदें अभी भी बनी हुई हैं।
तीसरे हाफ में रांची को बढ़त
तीसरे क्वार्टर के 35वें मिनट में मिले पेनल्टी काॅर्नर पर रांची रेज के कप्तान एश्ले जैक्सन ने गेंद को नेट में डाल टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि 59वें मिनट में मुबंई को पेनल्टी काॅर्नर मिला, लेकिन वह लाभ नहीं उठा सका। खेल के पहले ही मिनट में रेज के आमिर खान ने सर्किल एरिया में प्रवेश किया। लेकिन गेंद को ज्यादा ड्रिबलिंग से वे इसे गोल में नहीं बदल सके।
वहीं, मुंबई के ने थोड़े-थोड़े अंतराल पर हमले जारी रखे। 12वें मिनट में अफ्फान खूबसूरती के साथ गेंद को सर्किल एरिया में लेकर घुसे। अफ्फान के तेज शॉट को रेज के गोलची ओवेल ने गोता लगाकर बेहतरीन तरीके से बचाव किया। यही स्थिति दूसरे क्वार्टर में भी देखने को मिली। लेकिन इसमें रांची के खिलाड़ियों ने अटैकिंग खेल दिखाया।
तीसरे हाफ में रांची को बढ़त
तीसरे हाफ में रांची ने शानदार रणनीति बनाई। 35वें मिनट में उसे पेनल्टी काॅर्नर मिला। गेंद को फ्लिन ओलिन ने रोल किया। फ्लिन के शॉट को एश्ले ने रोककर तेज पंच लगा गेंद को नेट में डालते हुए टीम को 1-0 से आगे कर दिया। चौथे क्वार्टर में मुंबई ने ऊपर आकर खेलना शुरू किया। अटैक भी किए, लेकिन गोल करने में उन्हें कामयाबी नहीं मिली। इस हाफ में रांची रेज के खिलाड़ी ज्यादा डिफेंसिव रहे।
तालिका में चौथे नंबर की टीम से 20 को रांची में भिड़ेगा रेज
रांची रेज टीम अब 20 फरवरी को रांची में होने वाले पहले सेमीफाइनल में तालिका की चौथे नंबर की टीम से भिड़ेगी। रांची यह मुकाबला जीतते ही फाइनल में पहुंच जाएगा। उधर, एचआईएल-4 में लीग के अन्य मुकाबलों में 15 फरवरी को पंजाब अपने होम ग्राउंड चंडीगढ़ में कलिंगा लांसर्स से भिड़ेगा। इसके बाद 16 फरवरी को दबंग मुंबई और उत्तर प्रदेश विजार्ड्स का मुकाबला मुंबई में खेला जाएगा। सीजन का आखिरी लीग मैच 17 फरवरी को दिल्ली वेवराइर्ड्स और कलिंगा लांसर्स के बीच दिल्ली के मैदान पर खेला जाएगा।