रांची. वेलेंटाइन डे के दिन राजधानी के तीन युवाओं की मौत हो गई। बरियातू की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रहनेवाली छात्रा खुशी कुमारी (15) की बुखार की जगह ब्लड प्रेशर की दवा खाने से मौत हो गई। इस संबंध में खुशी के चाचा धर्मेंद्र सिंह के बयान पर बरियातू थाने में यूडी का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया।
प्राथमिकी में चाचा ने कहा है कि 13 फरवरी को उसकी भतीजी खुशी की तबीयत खराब थी। उसे बुखार आ रहा था। खुशी जहां सोई हुई थी, वहां बुखार के साथ-साथ भाभी की ब्लड प्रेशर की दवा भी रखी हुई थी। छात्रा ने गलती से ब्लड प्रेशर की दवा खा ली। इससे उसकी तबीयत काफी खराब हो गई। उसे रिम्स ले जाया गया।
रिम्स से इलाज करा कर उसे घर ले आया गया। रविवार को उसकी तबीयत फिर काफी खराब हो गई। परिजनों ने उसे फिर रिम्स में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
संत जेवियर के 11वीं के छात्र ने कर ली खुदकुशी
संत जेवियर स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़नेवाले छात्र रामा कुमार ने रविवार को फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। छात्र के पिता एस दास जैप वन की बैंड पार्टी में सब इंस्पेक्टर हैं। वे अभी जयपुर गए हुए हैं। डोरंडा पुलिस का कहना है कि छात्र की मां इलाज कराने अपने रिश्तेदार के घर गई थी।
शनिवार को छात्र और उसकी बहन घर में अकेले थे। दोनों देर रात घूम कर लौटे थे। बहन ने पुलिस को बताया कि खाना खाने के बाद रामा अपने कमरे में सोने चला गया था। तड़के तीन बजे बहन की नींद खुली, तो देखा कि भाई फांसी के फंदे पर झूल रहा था। बहन ने पड़ोस में रहने वाले लोगों को इसकी जानकारी दी। रामा को नीचे उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मार्च में थी शादी, अनबन होने पर मौत को लगा लिया गले
बरियातू के आदिवासी टोला में रहने वाले राकेश उरांव ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। राकेश की बहन पार्वती के बयान पर यूडी का मामला दर्ज किया गया है। उसने पुलिस को बताया कि मार्च में उसकी शादी होनेवाली थी। जिस युवती से उसकी शादी होने वाली थी, उसके साथ कुछ बातों को लेकर विवाद हो गया था।
इस कारण वह डिप्रेशन में था। राकेश के साथ दो भाई साथ रहते थे। शनिवार को राकेश घर में अकेले थे। दोनों भाई रविवार की सुबह घर पहुंचे तो देखा कि वह फांसी के फंदे झूल रहा है। इधर, रिम्स में पोस्टमार्टम के दौरान राकेश की जिससे शादी होनेवाली थी, वह लड़की भी आई। उसने कहा कि अब वह कभी शादी नहीं करेगी।