पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 4 शिक्षकों का पॉलिग्राफ टेस्ट कराएगी रांची पुलिस

4 शिक्षकों का पॉलिग्राफ टेस्ट कराएगी रांची पुलिस, चारों को कोर्ट में पेश कर अनुमति मांगी

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. सफायर इंटरनेशनल स्कूल में छात्र विनय की हत्या के मामले में हिरासत में लिए गए चार शिक्षकों का पुलिस पॉलिग्राफ टेस्ट कराएगी। पुलिस ने मंगलवार को इन चारों शिक्षकों ध्रुवानंद जाना, विश्वनाथ पोद्दार, अतानु नाग व दिनेश बोले को न्यायिक दंडाधिकारी चंद्रभानु कुमार की अदालत में पेश किया और पॉलिग्राफ टेस्ट के लिए आवेदन दिया। इस मामले में बुधवार को सुनवाई होगी।

कोर्ट ने चारों आरोपियों का भी पक्ष जानना चाहा। इस पर आरोपियों ने कहा कि वह बुधवार को लिखित में अपना पक्ष रखेंगे। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद चारों को हैदराबाद के गांधीनगर स्थित लैब में ले जाया जाएगा। इन चारों शिक्षकों को पुलिस ने पांच दिन से हिरासत में रखा है। लगातार पूछताछ की जा रही है, मगर अब तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस दो महिलाओं से भी पूछताछ कर रही है। इधर, एफएसएल की टीम मंगलवार को भी टीचर्स हॉस्टल गई और जगह-जगह से फिंगर प्रिंट लिया।

पीआईएल दायर, आज होगी सुनवाई

विनय की मौत की निष्पक्ष जांच कराने के लिए मंगलवार को हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई। अभिभावक मंच की ओर से अजय राय द्वारा दायर याचिका में स्कूल प्रबंधन द्वारा दी जा रही जानकारी और पुलिस के बार-बार बदलते बयान पर सवाल उठाते हुए मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की गई है। कोर्ट से आग्रह किया गया है कि स्कूलों में सुरक्षा के संबंध में गाइडलाइन तय की जाए और इसके अनुपालन की मॉनिटरिंग कोर्ट ही करे। याचिकाकर्ता के वकील खुशबू ने बताया कि अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसलिए मामले की सीबीआई जांच और सुरक्षा के समुचित आदेश देने का आग्रह किया गया है। सुनवाई बुधवार को होगी।

गुस्साए लोगों ने थाना घेरा, डेढ़ घंटे तक जाम

विनय के हत्यारे की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजनों और सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को तुपुदाना ओपी का घेराव किया। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क भी जाम कर दी। लोगों का कहना था कि हत्या के पांच दिन के बाद भी पुलिस हत्यारे को नहीं पकड़ पाई है। पुलिस कोई ठोस जवाब भी नहीं दे रही है। हर बार सिर्फ यही कहती है कि जांच चल रही है। पिछले पांच दिनों से पूछताछ की जा रही है। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल रहा है। जिन्हें थाने में रखा गया है, उनकी खातिरदारी की जा रही है। लोगों ने पुलिस को 24 घंटे में हत्यारे को पकड़ने का अल्टीमेटम दिया। इधर, एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने कहा कि 20 अफसर लगातार जांच में जुटे हैं। पुलिस कांड के खुलासे के बिल्कुल करीब है। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

कुछ स्कूल बंद रहेंगे

विनय के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सामाजिक संगठनों ने बुधवार को रांची और खूंटी बंद का आह्वान किया है। इसे देखते हुए सदर क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है। कुछ स्कूलों ने कक्षाएं स्थगित रखी हैं जबकि अधिकांश स्कूल खुले रहेंगे।
खबरें और भी हैं...