ईवीएम ने ठंडा किया जोश
गोस्सनर मध्य विद्यालय
लाइव रिपोर्ट
यहां महिला-पुरुष बराबर
चुटियास्थित गोस्सनर मध्य विद्यालय में पुरुषों के साथ महिलाओं ने बराबरी की। बूथ नंबर 200 पर फाइनल वोटिंग की रिपोर्ट में पुरुषों का मतदान 189 निकला तो महिलाओं का भी इतना ही। इस केंद्र पर कुल 744 मतदाता थे। 378 मतदाताओं ने वोटिंग की। सुबह आठ बजे से दिन के एक बजे तक कभी महिलाओं की संख्या ज्यादा होती तो कभी पुरुषों की। कुल मिलाकर एक बजे तक यहां 255 वोट पड़ चुके थे। इसमें 120 महिलाओं और 135 पुरुषों के वोट शामिल थे। खास यह था कि इस केंद्र पर पहली बार मतदान करने वाली युवतियों की संख्या खूब दिखी। चेहरों पर मुस्कान के साथ पहली बार मतदान करने का जोश इनमें साफ दिख रहा था। हालांकि, यहां दो बजे के बाद सूनापन सताने लगा। फिर तीन बजे के बाद सूनापन कम हुआ और एक बार फिर मतदान को लोग आने लगे। पर यह कुछ देर की चांदनी सी थी। फिर शाम तक एक्का-दुक्का मतदाता ही आते दिखे। मतदान कर्मियों ने इस खालीपन का फायदा धूप सेंकने में उठाया।
नामढूंढ़ने में थकाया
दिनके 12 बजे गोस्सनर मध्य विद्यालय मतदान केंद्र पर 10 से 12 एेसे मतदाता थे, जो अपना नाम सूची में खोज-खोज कर थक चुके थे। जबकि, उनके पास मतदाता पहचान पत्र भी था। ये बार-बार बूथ पर तैनात अधिकारियों और सहयोगियों से अपने-अपने नामों को खोजने का आग्रह करते रहे। दो घंटे नाम ढूंढ़ने का प्रयास भी चला, लेकिन परिणाम शून्य था। इनके नाम मतदाता सूची में नहीं मिले। मतदान से महरूम ये लोग मतदाता सूची बनाने वालों को कोसते, बड़बड़ाते निकल गए। कई बोले कि अब अगली बार का इंतजार करेंगे।