- Hindi News
- नि:शक्त अजय ने डेढ़ घंटे इंतजार के बाद दिया वोट
नि:शक्त अजय ने डेढ़ घंटे इंतजार के बाद दिया वोट
संतअलोइस हाई स्कूल मतदान केंद्र की बूथ संख्या 239 पर वोट देने के लिए आए नि:शक्त युवक अजय कुमार एक्का को डेढ़ घंटे बैसाखियों के सहारे इंतजार करना पड़ा। लोयोला हॉस्टल में रहकर कंपीटिशन की तैयारी कर रहे अजय ने बताया कि उन्हें यह परेशानी सिर्फ ईवीएम मशीन की खराबी के कारण झेलनी पड़ी।
वहीं आदर्श मतदान केंद्र संत अन्ना स्कूल, संत पॉल स्कूल, बेथेसदा गर्ल्स हाई स्कूल में जहां मतदाताओं ने चाय की चुस्कियों के साथ अपना मतदान किया, वहीं इन आदर्श केंद्रों पर मुस्तैद गाइड की छात्राओं ने आगंतुक मतदाताओं को नमस्कार के साथ परफ्यूम लगाया।
संत अलोइस स्कूल के मतदान केंद्र पर पहली बार मतदान करने वाली डोमटोली निवासी नजमा खातून (21 वर्ष) ने बताया कि इस बात की बेहद खुशी है कि हमने वोट दिया। यह कीमती वोट योग्य नेता चुनने और राज्य को विकास की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण होगा। वहीं कांटाटोली खादगढ़ा निवासी 70 वर्षीय जीत बहादुर लाम्हा हाथ में मतदाता पहचान पत्र लिए अपना नाम खोजते रहे। हर जगह नाम मिलने से निराश और हताश लाम्हा ने कहा कि अब वे वोट नहीं देंगे। यह कहकर वे धीरे-धीरे चलते हुए मतदान केंद्र से निकल गए।