निगरानी डीएसपी पर कार्रवाई के लिए पत्र
रांची | निगरानीब्यूरो के एडीजी नीरज सिन्हा ने ब्यूरो के ही डीएसपी मिथलेश कुमार सिंह पर कार्रवाई करने का अनुरोध निगरानी आयुक्त से किया है। एडीजी ने पत्र में कहा है कि पिछले दिनों कोर्ट में डीएसपी सह अनुसंधानकर्ता सिंह ने उन पर एवं निगरानी एसपी पर एक कांड में अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं करने का दबाव डालने का आरोप लगाते हुए शपथ पत्र दायर किया था, जो पूरी तरह से भ्रामक है। एडीजी ने सिंह को विभिन्न कांडों में ऊपर के अफसरों द्वारा दिए गए निर्देशों का पूरा ब्योरा लिखा है। कहा है कि किसी भी वरीय अफसर ने किसी भी अभियुक्त को बचाने का प्रयास नहीं किया है, बल्कि जांच पदाधिकारी को आरोपियों के विरुद्ध ढेर सारे साक्ष्य देते हुए आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज हुई। अनुसंधानकर्ता को मदद के लिए टीम भी उपलब्ध कराई गई। निर्देश दिया गया कि जिन अभियुक्तों के विरुद्ध साक्ष्य मिल चुके हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उनकी गिरफ्तारी नहीं होने पर उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाए।